उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा है। आगरा में आयोजित पीडीए-दलित सम्मेलन के दौरान अखिलेश ने दोनों नेताओं का नाम लिए बिना उन्हें ‘सियासत का सैलानी’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सक्रिय हुए इन नेताओं की राजनीतिक डोर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हाथ में है।
आगरा में PDA-दलित सम्मेलन के दौरान अखिलेश का हमला
अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित ‘पीडीए-दलित सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। हाल ही में दोनों दलों ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है, जिसके बाद उनकी राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं।
सपा प्रमुख ने कहा, “जब से बीजेपी हाल के चुनावों में हारी है, तब से कई सियासत के सैलानी भी आने लगे हैं. यह आगरा है, जहां बड़े पैमाने पर सैलानी आते हैं. लोग समझ रहे होंगे कि जैसे ही चुनाव करीब आया, सियासत के सैलानी आ गए. उनका ओटीपी कहीं और से आ रहा है और वे किसी और के ‘माइक के लाउडस्पीकर’ बन गए हैं.”
अखिलेश ने आरोप लगाया कि इन नए राजनीतिक दलों और नेताओं की कमान कहीं और से संचालित हो रही है। उनके इस बयान को ओवैसी और चंद्रशेखर की हालिया राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘इनकी डोर कहीं और’
अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम के चुनाव चिह्न पतंग का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “इन सियासत के सैलानियों की डोर कहीं और है और चरखी भी कहीं और है. ये उतना ही उड़ेंगे, जितनी इन्हें ढील दी जाएगी.”
इस बयान के जरिए सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इन नेताओं की राजनीतिक गतिविधियों और उनकी रणनीति के पीछे किसी अन्य ताकत का हाथ है। उन्होंने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा कि इन दलों को जितनी छूट दी जाएगी, वे उतना ही आगे बढ़ेंगे।
‘ये लोग PDA को समझ नहीं पाए’
सम्मेलन में अखिलेश यादव ने पीडीए की परिभाषा को लेकर भी विरोधी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी के नेता पीडीए का मतलब समझाते थे, लेकिन अब नए-नए राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी इसकी व्याख्या करने लगे हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि ये लोग पीडीए की वास्तविक अवधारणा को समझ नहीं पाए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, “सुना है कि वे कहने लगे हैं कि पलट दिए अखिलेश, लेकिन इस बार पलट देंगे अखिलेश. आगरा वाले भी पलट देंगे, क्योंकि ‘ए’ से आगरा भी तो है.”
ओवैसी और चंद्रशेखर के मोर्चे पर क्यों बढ़ी सियासी चर्चा?
दरअसल, समाजवादी पार्टी की राजनीति में ‘पीडीए’ का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक है। अखिलेश यादव इस सामाजिक समीकरण को अपनी पार्टी की राजनीतिक रणनीति का अहम आधार बताते रहे हैं।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों की ओर से हाल ही में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाए जाने के बाद यूपी की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हुई है। ऐसे समय में अखिलेश यादव का यह हमला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले पीडीए वोट बैंक और सामाजिक समीकरणों को लेकर विभिन्न दलों के बीच राजनीतिक खींचतान और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।