
यूपी में लोकसभा चुनाव खत्म होते ही योगी सरकार ऐक्शन में आ गई है। लखनऊ में अकबरनगर में कुकरैल नदी की जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने वालों के निर्माणों को गिराने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।सुप्रीम कोर्ट इन मकानों को तोड़ने का आदेश कर चुका है। एलडीए ने गुरुवार सुबह आठ बजे से सर्वे शुरू कर दिया है। देखा जाएगा कि किस जगह से कैसे गिराया जाए। सर्वे और शासन के निर्देश के बाद इन्हें गिराया जाएगा।अकबर नगर में लोगों ने कुकरैल नदी की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया था। इसे गिराया जाना है। अवैध निर्माण कराने वाले लोग सुप्रीम कोर्ट गए थे। वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने भी गिराने का आदेश जारी कर दिया। कुल करीब 1200 निर्माण गिराया जाना है। गुरुवार को सर्वे के बाद ध्वस्तीकरण की कार्यवाही हो सकती है।
सभी आवेदकों को पीएम आवास दिया जाएगा
अब कुकरैल नदी के सभी आवेदकों को पीएम आवास दिया जाएगा। यहां कुल 1818 लोगों ने पीएम आवास योजना के मकानों के लिए आवेदन किया था। अब एलडीए ने सभी को मकान देने का फैसला किया है। इनमें 158 लोगों के आधार कार्ड की जांच नहीं हो पाई है। इनमें कुछ लोगों के आधार कार्ड फर्जी मिले हैं, जिनके आधार फर्जी हैं, उन्हें मकान नहीं मिलेगा।