अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर जल्द ही नन्हे मेहमान की किलकारी गूंजने वाली है। वेंस और उनकी भारतीय मूल की पत्नी ऊषा वेंस ने खुद यह खुशखबरी पूरी दुनिया के साथ साझा की है। उन्होंने बताया कि वे जुलाई 2026 के अंत तक अपने चौथे बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। इस ‘गुड न्यूज’ के सामने आते ही व्हाइट हाउस में खुशी की लहर दौड़ गई है और प्रशासन ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए बधाई दी है। बता दें कि जेडी वेंस अमेरिका में घटती जन्म दर को लेकर हमेशा मुखर रहे हैं और ज्यादा बच्चों के जन्म की वकालत करते रहे हैं।
‘ऊषा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं’
इस खास मौके पर वेंस दंपत्ति ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपनी खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा, ‘हमें यह खबर साझा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि ऊषा गर्भवती हैं और हमें जुलाई में चौथी संतान का स्वागत करना है. ऊषा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और हम सभी जुलाई के अंत में उसके स्वागत को लेकर उत्साहित हैं.’ वेंस परिवार ने अपनी मेडिकल टीम का विशेष शुक्रिया अदा करते हुए कहा, “इस रोमांचक और व्यस्त समय में हम विशेष रूप से सैन्य चिकित्सकों के आभारी हैं, जो हमारे परिवार की बेहतरीन देखभाल करते हैं और उन स्टाफ सदस्यों के भी, जो यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत कुछ करते हैं कि हम अपने बच्चों के साथ एक सुखद पारिवारिक जीवन जीते हुए देश की सेवा कर सकें.”
व्हाइट हाउस बोला- यह इतिहास का सबसे परिवार-समर्थक प्रशासन
उपराष्ट्रपति के घर आने वाली इस खुशी पर व्हाइट हाउस ने भी गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा, “इतिहास का सर्वाधिक परिवार-समर्थक प्रशासन! बधाई!” गौरतलब है कि 41 वर्षीय जेडी वेंस और 40 वर्षीय ऊषा वेंस की लव स्टोरी येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान शुरू हुई थी। उनके पहले से तीन बच्चे हैं- इवान (8), विवेक (5) और मिराबेल (4)। पिछले साल अप्रैल में वेंस परिवार भारत दौरे पर भी आया था, जहां उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात के अलावा आगरा और जयपुर का भ्रमण किया था।
वेंस का सपना- ‘अमेरिका में ज्यादा बच्चे पैदा हों’
जेडी वेंस का परिवार बढ़ने की खबर उनके राजनीतिक एजेंडे से भी मेल खाती है। वेंस लंबे समय से अमेरिका में गिरती जन्म दर को लेकर चिंता जताते रहे हैं। 2021 में सीनेट का चुनाव लड़ने से लेकर उपराष्ट्रपति बनने तक, उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। मार्च 2025 में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा था, ‘मैं अमेरिका में और अधिक बच्चों का जन्म होते देखना चाहता हूं.’ वहीं, ऊषा वेंस की बात करें तो वह एक प्रतिष्ठित वकील हैं और उनके माता-पिता 1970 के दशक में भारत से अमेरिका जाकर बस गए थे।