वॉशिंगटन/सिनसिनाटी: वेनेजुएला में निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी और अमेरिकी एयरस्ट्राइक के बाद अब अमेरिका के भीतर ही सुरक्षा को लेकर बड़ी खबर आई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) के ईस्ट वालनट हिल्स स्थित आवास पर हमला हुआ है। सामने आई तस्वीरों में घर की खिड़कियां टूटी हुई नजर आ रही हैं।
हमले से जुड़ी 4 अहम बातें:
- संदिग्ध गिरफ्तार: हमले के तुरंत बाद एक्शन में आई यूएस सीक्रेट सर्विस (US Secret Service) ने मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
- बाल-बाल बचे वेंस: राहत की बात यह है कि हमले के वक्त जेडी वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध घर के अंदर दाखिल नहीं हो पाया था।
- रात 12:15 बजे की घटना: पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:15 बजे एक शख्स को घर के पास से भागते हुए देखा गया। इससे पहले ही वेंस के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और सड़कें बंद थीं।
- वेनेजुएला कनेक्शन: यह हमला वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के ठीक बाद हुआ है। वेंस के कार्यालय ने पुष्टि की है कि वे वेनेजुएला ऑपरेशन की प्लानिंग में शामिल थे, भले ही वे ‘लाइव एक्शन’ के दौरान मौजूद नहीं थे।
सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप
उपराष्ट्रपति के घर पर हुए इस हमले ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस यह जांच कर रही है कि पकड़े गए संदिग्ध का मकसद क्या था और क्या इसका सीधा संबंध वेनेजुएला की घटनाओं से है।