उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में परिवहन व्यवस्था ने दीपावली के दौरान नया रिकॉर्ड कायम किया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों से महज छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया। त्योहार के दौरान यात्रियों की यह संख्या पिछले कई वर्षों के मुकाबले सबसे ज्यादा रही। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए परिवहन निगम ने बड़े स्तर पर बसों का संचालन किया था।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि 6 नवंबर से 11 नवंबर तक प्रतिदिन लाखों लोगों ने निगम की बसों में यात्रा की। उनके मुताबिक, यह आंकड़ा प्रदेश की मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और सरकारी बसों पर लोगों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है।
छठ पर्व पर भी चलेंगी अतिरिक्त बसें, 13 से 17 नवंबर तक विशेष इंतजाम
दीपावली के बाद अब छठ पर्व को देखते हुए योगी सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को 13 से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली और दूसरे महानगरों से पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ और कानपुर से भी विशेष बस सेवाएं संचालित होंगी। वहीं, पूर्वांचल के विभिन्न इलाकों से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
बसों की सुरक्षा और साफ-सफाई पर रहेगा विशेष ध्यान
त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन मंत्री ने निगम की बसों को शत-प्रतिशत ऑनरोड रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। इसके लिए बसों की समय पर मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता और तकनीकी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बस चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट भी कराया जाएगा, ताकि नशे की हालत में किसी कर्मचारी को ड्यूटी पर वाहन चलाने या संचालन की जिम्मेदारी न मिले। इसके साथ ही बस स्टेशनों और बसों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की सुविधा, डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के हिसाब से लगाई जाएगी, जिससे छठ के दौरान यात्रियों को बसों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं को लेकर परेशानी का सामना न करना पड़े।
चालक-परिचालकों को हर दिन मिलेंगे 400 रुपये
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त बसों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए परिवहन निगम ने चालक और परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान किया है। निर्धारित औसत किलोमीटर के मानक के अनुसार प्रतिदिन बसों का संचालन करने वाले नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 400 रुपये प्रतिदिन की दर से एकमुश्त विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बसों का संचालन सुचारू बनाए रखना और यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।