उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कौशांबी के चायल से विधायक पूजा पाल को पार्टी से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। यह फैसला सपा प्रमुख ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से जारी किया।
पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप
अखिलेश यादव के हस्ताक्षर वाले पत्र में लिखा गया कि पूजा पाल बार-बार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहीं और चेतावनी देने के बाद भी उन्होंने अपना रवैया नहीं बदला। पत्र में कहा गया—
“आपके कार्य से पार्टी को गंभीर नुकसान हुआ है। यह पार्टी विरोधी और गंभीर अनुशासनहीनता है।”
इसके साथ ही उन्हें सपा के सभी पदों से हटा दिया गया और पार्टी के किसी भी कार्यक्रम या बैठक में शामिल होने पर रोक लगा दी गई।
योगी सरकार की तारीफ बनी वजह
गौरतलब है कि हाल ही में यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना की थी। ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चर्चा में उन्होंने कहा था कि योगी सरकार ने उनके पति की हत्या के मामले में न्याय दिलाया और माफिया जैसे अपराधियों को सजा दी।