लखनऊ में सोमवार (29 सितंबर) को जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। इस बीच कानपुर की 64 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला ने अपने कैंसर पीड़ित बेटे की परेशानी सुनाई। महिला ने बताया कि निर्धनता के कारण वह बेटे का इलाज नहीं करा पा रही है और उसके पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं है।
बूढ़ी मां की पीड़ा पर पिघले सीएम योगी
महिला की व्यथा सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए और तुरंत उसके बेटे को कल्याण सिंह कैंसर सुपर स्पेशियलिटी इंस्टीट्यूट भिजवाने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनता दर्शन स्थल से ही उसे अस्पताल भेजा गया, जहां बेटे का इलाज शुरू हो गया।
“हर पीड़ित के साथ है सरकार” – योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर प्रदेशवासी के चेहरे पर खुशी लाना है। उन्होंने कहा—
“इलाज के लिए किसी भी पीड़ित ने स्वयं, जनप्रतिनिधि या किसी भी माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई है, उसे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई गई है। हमारी सरकार हर पीड़ित के साथ है।”
जनता दर्शन में उठे कई मुद्दे
सोमवार सुबह जनता दर्शन में 50 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इसमें लखनऊ के एक व्यक्ति ने अवैध निर्माण की शिकायत रखी, जबकि नोएडा से आए फरियादी ने साइबर फ्रॉड के मामले में कार्रवाई न होने की बात कही। इसके अलावा इलाज के लिए आर्थिक सहायता, पुलिस, प्रशासन, राजस्व और बिजली विभाग से जुड़े मुद्दे भी लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने रखे।