उत्तर प्रदेश में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऐलान के बाद सोमवार को राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम ने सरोजनी नगर क्षेत्र में उन लोगों पर ध्यान केंद्रित किया जो कूड़ा बीनने का काम करते हैं। पुलिस ने जब इन लोगों के आधार कार्ड चेक किए तो कान खड़े हो गए, क्योंकि इनमें ज्यादातर के आधार कार्ड असम के बने हुए हैं।
अवैध घुसपैठ पर योगी का सख्त रुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों प्रदेश के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रदेश में कहीं भी संदिग्ध या अवैध नागरिक नहीं रहने चाहिए और जांच कर इन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसी के बाद यूपी पुलिस ने यह अभियान शुरू कर दिया है।
चेकिंग में सामने आया असम कनेक्शन
- ठिकाना: पुलिस ने सरोजनी नगर और उसके आसपास कूड़ा बीनने वालों की चेकिंग की।
- पहचान पत्र: इनमे ज्यादातर के पास असम से बने आधार कार्ड थे।
- दावे: पूछताछ में कुछ ने बताया कि वे 1 से 2 साल पहले ही यूपी आए हैं, जबकि कई ने 20-25 साल से यहीं रहने की बात कही। पुलिस ने सभी के कागजात जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
थ्री-लेयर वैरिफिकेशन और कार्रवाई
लखनऊ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधार कार्ड चूँकि असम के बने हैं, अब थ्री लेयर वेरिफिकेशन से स्पष्ट हो सकेगा कि यह सही हैं या नहीं।
- मूल पते पर संपर्क: सभी के मूल पते पर संपर्क कर वहां थाना पुलिस पता लगाएगी कि यह व्यक्ति वास्तव में वहां का निवासी है या नहीं, कब तक वहां रहा और फिर कब से गायब है।
- एजेंसी जांच: आधार जारी करने वाले एजेंसी से भी जांच करवाई जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि अगर आधार और पहचान पत्र फर्जी पाए गए तो इन पर अवैध घुसपैठ के तहत कार्रवाई होगी और उन्हें यहां से बाहर खदेड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि लखनऊ के बाद जल्द ही अन्य शहरों में भी यह अभियान शुरू किया जाएगा।