उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में चुनावी धांधली को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ न केवल FIR दर्ज की गई, बल्कि उन्हें निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
आदेश में यह भी साफ कहा गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया से छेड़छाड़ करने वालों को कानूनी सजा तो मिलेगी ही, साथ ही समाज और परिवार में बदनामी भी झेलनी पड़ेगी।
अखिलेश यादव का बीजेपी पर वार
इस मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने एक्स (Twitter) अकाउंट पर आदेश की कॉपी साझा करते हुए लिखा, “वोटर लिस्ट में घपला करनेवाला बड़े-से-बड़ा अधिकारी और बूथ स्तर तक का चुनावकर्मी देख ले कि उसकी बेईमानी पकड़े जाने पर उसके खिलाफ FIR भी होगी और निलंबन व दंडात्मक कार्रवाई भी। वह समाज और विभाग ही नहीं, देश से दगा करने वाला माना जाएगा और अपमानजनक जीवन जीने को मजबूर होगा।”
“भाजपा किसी की सगी नहीं” – अखिलेश
अखिलेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के इशारे पर धांधली करने वाले चुनावकर्मियों को याद रखना चाहिए कि “भाजपा किसी की सगी नहीं है।” उन्होंने लिखा कि भाजपा अपने ही वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ राजनीतिक चाल चलती है, तो दूसरों की रक्षा करने का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने अंत में लिखा, “भाजपा जाए तो सच्ची सरकार आए।”