UP News: 70 हज़ार से ज्यादा पदों पर भर्ती का ऐलान, सपा ने बताया चुनावी स्टंट

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जहां पिछले 15 दिनों में लाखों नौकरियों का रास्ता खोलकर युवाओं को साधने की कोशिश की है, वहीं विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव महिला सशक्तिकरण और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नए राजनीतिक नैरेटिव पर दांव लगा रहे हैं। विपक्ष ने भाजपा पर चुनाव आते ही भर्ती का ढोंग करने का आरोप लगाया है।

योगी सरकार की तरफ से खुली नौकरियों की झड़ी

2027 की लड़ाई में युवाओं और महिलाओं का वोट सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार बन चुका है। यूपी सरकार ने पिछले 15 दिनों में कई बड़ी भर्तियों का ऐलान किया है, जिनमें पुलिस से लेकर पीसीएस और होमगार्ड तक के पद शामिल हैं।

प्रमुख भर्तियों का विवरण:

पद का नामपदों की संख्या
सब-इंस्पेक्टर (SI)4,543
होम गार्ड (Home Guard)41,424
कॉन्स्टेबल (Constable)22,605
जेल वार्डन (Jail Warden)3,000
UPPSC PCS920
रिव्यू ऑफिसर (RO)411
UPSSSC (VDO, लेखपाल, वन दरोगा आदि)50,000+ (जल्द आने वाले हैं)

ये आंकड़े बताते हैं कि राज्य में लगभग 70 हज़ार के आसपास नौकरियों की घोषणा हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन परीक्षाओं के रिजल्ट और जॉइनिंग 2026 के अंत तक हो सकती है, जो राजनीतिक तौर पर एक बड़ा संदेश है।

भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी के मुताबिक, “उत्तर प्रदेश में योग्यता के आधार पर बिना भाई-भतीजावाद के भर्ती हो रही है। बड़ी संख्या में भर्तियां आगे भी होंगी। युवाओं को भरोसा है योगी हैं तो यकीन है।”

सपा ने ‘महिला वोटर्स’ को साधकर दिया टक्कर

समाजवादी पार्टी इस राजनीतिक तापमान को महिलाओं के मुद्दों से टक्कर देने के मूड में है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर महिला सांसदों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा कि “PDA में A मतलब आधी आबादी है, और हर स्त्री का सम्मान हमारा संकल्प।” वे ‘स्त्री सम्मान–समृद्धि योजना’ का भी ऐलान कर चुके हैं, जिससे महिला वोटर को लेकर सपा का रुख पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक दिखता है।

सपा नेता पूजा ने कहा कि, “समाजवादी पार्टी लगातार महिलाओं के लिए काम करती आई है। 2012-17 में हमने पेंशन, कन्या विद्याधन, लैपटॉप दिया था। भाजपा सिर्फ़ ₹2000 देकर गुमराह करती है। 2027 में हम महिलाओं के लिए फिर बड़ी योजनाएँ लाएंगे।” वहीं, सपा नेता दीपक रंजन ने भर्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “युवाओं को काम मिलना अच्छी बात है लेकिन 9 साल में कितनी नौकरियाँ दीं? पेपर हुए, रिज़ल्ट नहीं आए। नौजवान अब हिसाब मांग रहा है।”

‘MY’ समीकरण अब बना ‘महिला और यूथ’

कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि, “भाजपा चुनाव आते ही नौकरियां निकालने की झूठी नौटंकी करती है… जनता 2027 में जवाब देगी।”

वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र शुक्ला ने कहा कि, “यूपी में हमेशा युवाओं ने चुनाव का फैसला किया है। 2024 में बेरोज़गारी का नैरेटिव हावी था। अब भाजपा युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश भेजने में लगी है। साथ ही बिहार की तरह महिला वोटर भी निर्णायक बनने वाली है।” उनका मानना है कि 2027 की लड़ाई में MY (मुस्लिम-यादव) का पुराना समीकरण बदलकर “M-Y यानी महिला और यूथ” बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *