जेल में बंद आजम खान की बिगड़ी तबीयत, इलाज से किया इनकार, फर्जी पैन कार्ड मामले में काट रहे हैं सजा

रामपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जेल प्रशासन ने तत्काल जिला अस्पताल को इसकी सूचना दी और चिकित्सीय परीक्षण के लिए डॉक्टरों की टीम मांगी। इसके बाद जिला अस्पताल से तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम—एक सर्जन, एक फिजिशियन और एक ऑप्थैल्मिक विशेषज्ञ—उन्हें देखने जेल पहुंची।

हालांकि, आजम खान ने मेडिकल जांच कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम बिना परीक्षण किए ही वापस लौट आई।

जिला अस्पताल अधीक्षक ने दी जानकारी

जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. वी.सी. सक्सेना ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि, “जेल द्वारा आजम खान के चिकित्सीय परीक्षण हेतु टीम मांगी गई थी। टीम को भेजा भी गया, लेकिन उन्होंने दिखाने से मना कर दिया।” इस बीच, बताया जा रहा है कि आजम खान का बिना इलाज किए जेल से डॉक्टरों की टीम वापस लौट गई है।

बता दें कि आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम फर्जी पैन कार्ड मामले में 7 साल की सजा सुनाए जाने के बाद रामपुर की जेल में बंद हैं। कुछ दिन पहले ही अब्दुल्ला आजम के वकील ने बताया था कि आजम खान की तबीयत खराब होने के कारण वह उनसे मिल नहीं पाए थे, क्योंकि सपा नेता बैरक से बाहर निकलकर नहीं आ पाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *