900 रुपए लेकर टीटीई ने कराई कानपुर से आगरा की यात्रा, वीडियो वायरल होने पर नौकरी गई

हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में सीट दिलाने के नाम पर 900 रुपए रिश्वत लेना टीटीई को भारी पड़ गया है। उसे नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। रेलवे अफसरों ने रिश्वत लेने का वीडियो इसकी सूचना मिली तो उसकी सेवा समाप्ति कर दी गई है।रेलवे की इस कार्रवाई से रेलकमियों में हड़कंप मचा है। मामला कानपुर से आगरा के बीच यात्रा से जुड़ा है। बताया जाता है कि 27 मई को हावड़ा से जोधपुर जा रही ट्रेन नंबर 12307 हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में टीटीई ने रिश्वत मांगी थी। किसी ने इसका वीडियो बनाया और वायरल कर दिया था।

कानपुर सेंट्रल से आगरा जाते हुए वायरल वीडियो में कोच अटेंडेंट से जब सीट के बारे में पूछा तो उसने स्लीपर में 400 रुपये और एसी कोच में अधिक पैसे की बात बताई। इसके बाद टीटीई के पास ले गया। दो यात्री टीटीई के पास पहुंचे तो पहले टीटीई ने एक हजार रुपये की मांग की। जब दोनों यात्रियों ने इतना पैसा न होने की बात कही तो 900 रुपये लेकर दोनों को सीट नंबर 13-14 पर बैठने को कहा।

इसके साथ ही यात्रियों को बताया कि आगरा तक वो ही ट्रेन में चलेगा। ऐसे में आराम से बर्थ पर बैठ जाएं। इस दौरान कोई पूरी घटना का वीडियो भी बनाता रहा। यही वीडियो वायरल हो गया। रेलवे अफसरों के पास जब यह पहुंचा तो टीटीई की जांच हुई। जांच में टीटीई दोषी मिला। इसके बाद रेलवे एक्ट की धारा 14/2 के तहत सेवा समाप्त कर दी गई। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि यह गंभीर आरोप है। भ्रष्टाचार के आरोप पर किसी के खिलाफ भी सख्ती से निपटा जाएगा। रेलवे एक्ट की धारा 14/2 के तहत कार्रवाई की जा रही है। टीटीई को नौकरी से निकालने की घटना की खबर लगने पर अन्य रेलकर्मियों में हड़कंप मचा है। इस समय हर हाथ में मोबाइल होने से रिश्वत खोर कर्मचारी सहम गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *