ईरान युद्ध बना बिजनेस मौका? ट्रंप के बेटों पर बड़ा आरोप, ड्रोन बेचकर अरब देशों से कमा रहे करोड़ों

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप और डोनाल्ड ट्रंप जूनियर से जुड़ा एक ड्रोन स्टार्टअप खाड़ी देशों को अपनी सैन्य तकनीक बेच रहा है, जो ईरान के हमलों के खतरे का सामना कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच यह कंपनी बड़े स्तर पर कारोबार कर रही है।

ड्रोन कंपनी से जुड़कर तकनीक बेचने का आरोप

फ्लोरिडा स्थित ड्रोन कंपनी पॉवरस ने ट्रंप बंधुओं को अपने साथ जोड़ा है। आरोप है कि ईरान से बढ़ते खतरे के माहौल में खाड़ी देशों को सुरक्षा तकनीक बेचकर बड़ा मुनाफा कमाने की कोशिश की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस क्षेत्र में अपनी ड्रोन और इंटरसेप्टर तकनीक को सक्रिय रूप से प्रमोट कर रही है।

रिचर्ड पेंटर ने लगाए गंभीर आरोप

जॉर्ज डब्ल्यू बुश प्रशासन में सेवा दे चुके रिचर्ड पेंटर ने एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में कहा कि खाड़ी देशों पर राष्ट्रपति के बेटों से सैन्य उपकरण खरीदने का दबाव हो सकता है ताकि वे अमेरिकी प्रशासन की अपेक्षाओं के अनुरूप व्यवहार करें। उन्होंने ट्रंप परिवार की आलोचना करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति के परिवार के सदस्य युद्ध जैसी स्थिति से आर्थिक लाभ कमा रहे हैं। पेंटर ने यह भी कहा कि यह ऐसा युद्ध है जिसके लिए कांग्रेस की मंजूरी नहीं ली गई।

कंपनी का दावा — जान बचाने वाली तकनीक

पॉवरस के सह-संस्थापक ब्रेट वेलिकोविच ने बताया कि उनकी कंपनी मध्य पूर्व के कई देशों में अपने ड्रोन सिस्टम का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने टेक्स्ट मैसेज के जरिए कहा, “हमारी टीम इस समय मिडिल ईस्ट में अपने इंटरसेप्टर सिस्टम के कई प्रदर्शन कर रही है.” उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास ऐसी बेहतरीन तकनीक है जो लोगों की जान बचा सकती है.”

इक्विटी हिस्सेदारी और हथियारों की होड़ का जिक्र

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, पॉवरस के साथ हुए समझौते के तहत ट्रंप बंधुओं को कंपनी में महत्वपूर्ण इक्विटी हिस्सेदारी मिल सकती है। वैश्विक प्रतिस्पर्धा का हवाला देते हुए वेलिकोविच ने कहा, “हम युद्ध में हैं.” उन्होंने आगे कहा, “हम युद्ध में हैं, मेरे दोस्त, हम हथियारों की होड़ में हैं और अगर हम तेजी से निर्माण नहीं करते हैं तो अमेरिका हार जाएगा.” उन्होंने यह भी कहा, “हमें शुक्रगुजार होना चाहिए कि कोई भी अब अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग में इनवेस्ट की कोशिश कर रहा है जो कि राजनीति से परे है.”

आलोचनाओं पर एरिक ट्रंप का जवाब

ड्रोन निवेश को लेकर उठ रहे सवालों पर पिछले महीने एरिक ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे उन कंपनियों में निवेश करने पर बेहद गर्व है जिन पर मुझे विश्वास है. ड्रोन स्पष्ट रूप से भविष्य की तकनीक हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *