लेकिन इसकी भी सजा; रमेश बिधूड़ी की घेराबंदी के बीच BJP सांसद ने बताई दानिश अली की गलती

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कहा कि लोकसभा अध्यक्ष को बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के सांसद दानिश अली के ‘अशोभनीय’ आचरण और टिप्पणियों की भी जांच करनी चाहिए।अली के खिलाफ बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने हाल में लोकसभा में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। दुबे ने बिधूड़ी की टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि कोई भी सभ्य समाज उन्हें सही नहीं ठहरा सकता। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”लेकिन लोकसभा अध्यक्ष को दानिश अली की अशोभनीय टिप्पणियों और आचरण की भी जांच करनी चाहिए। लोकसभा के नियमों के तहत किसी सांसद को आवंटित समय के दौरान उनके बोलते वक्त टोकना, बैठे-बैठे बोलना और लगातार टीका-टिप्पणी करने के लिए भी सजा का प्रावधान है।”दुबे ने कहा कि वह करीब 15 वर्ष से लोकसभा सदस्य हैं और हर वक्त सदन में मौजूद रहे हैं तथा दूसरों की तुलना में सदन में अधिक वक्त बिताते हैं। उन्होंने कहा, ”मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा भी दिन देखूंगा।” बिधूड़ी द्वारा लोकसभा में दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने पर शुक्रवार को एक बड़ा विवाद पैदा हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बिधूड़ी को चेतावनी दी तथा उनकी पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। बिधूड़ी की टिप्पणियों को संसद के रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। विपक्षी दलों ने बिधूड़ी की आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर केंद्र में सत्तारूढ़ दल बीजेपी पर निशाना साधा है।
कांग्रेस ने की बिधूड़ी के निलंबन की मांग
कांग्रेस ने लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के खिलाफ भाजपा सदस्य रमेश बिधूड़ी द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बिधूड़ी के निलंबन की मांग की। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा कि बिधूड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
राजनाथ सिंह ने जताया था खेद
वहीं, इस मामले में बीजेपी के सांसद बिधूड़ी ने लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था जिसे लेकर सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया था। बिधूड़ी ने ‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों के विषय पर चर्चा में भाग लेते हुए अली के खिलाफ कुछ टिप्पणी की थी। दानिश अली ने कल कहा था कि भाजपा सदस्य को अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *