तेलंगाना में दशहरे पर शराब बिक्री ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 3 दिन में 700 करोड़ की कमाई

Telangana Liquor Sale Record: दशहरा की रौनक में तेलंगाना की शराब की दुकानों पर इस बार जमकर बोतलें छलकीं। त्योहार से ठीक पहले सिर्फ तीन दिनों में 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब बिक गई। गांधी जयंती के ड्राई डे से पहले ग्राहकों की भारी भीड़ ने आबकारी विभाग तक को चौंका दिया।

गांधी जयंती से पहले मची खरीदारी की होड़

आंकड़ों के मुताबिक, 30 सितंबर को ही राज्य में 333 करोड़ रुपये की शराब बिकी, जो एक दिन में रिकॉर्ड है। उससे पहले के दो दिनों में 367 करोड़ रुपये की बिक्री हुई। इस तरह तीन दिनों में कुल कारोबार 697.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। शराब दुकानों पर लगी लंबी कतारों ने त्योहार का अलग ही नजारा पेश किया।

पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा

पिछले साल दशहरा के आठ दिनों में कुल 852.38 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी। लेकिन इस बार महज तीन दिनों में ही उस आंकड़े का 82% हासिल कर लिया गया। आबकारी विभाग का कहना है कि त्योहारों, पारिवारिक समारोहों और पार्टियों की वजह से बिक्री में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है।

शराब से बढ़ी राज्य की कमाई

राज्य की अर्थव्यवस्था में शराब से होने वाली आय लगातार बढ़ रही है। जहां 2014 में यह आंकड़ा करीब 10,000 करोड़ रुपये था, वहीं 2024-25 में इसके 34,600 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे त्योहार इस राजस्व को और मजबूत बना रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी

हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि अत्यधिक शराब सेवन से त्योहार की खुशी बिगड़ सकती है। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और ‘चीयर्स’ के साथ ‘केयर’ रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *