A फॉर अखिलेश, D फॉर डिंपल और P फॉर परिवार – ओम प्रकाश राजभर का सपा की पीडीए पाठशाला पर तंज

Om Prakash Rajbhar on PDA School: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी की पीडीए पाठशाला पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सपा की पहल को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए तंज कसा कि इसमें सिर्फ परिवार ही पढ़ाया जा रहा है।

राजभर बोले – ‘पीडीए’ का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी

राजभर ने कहा, “समाजवादी पार्टी के लिए पीडीए का मतलब है परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी। सपा की पाठशाला में अ से अखिलेश, डी से डिंपल और पी से परिवार पढ़ाया जा रहा है।”
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि इस पाठशाला में राजभर, प्रजापति, पाल और चौहान जैसी अन्य पिछड़ी जातियां कहां जाएंगी? उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा पिछड़ों का शोषण ही किया है।

‘अब ये नहीं चलेगा’ – ओपी राजभर

राजभर ने तीखे अंदाज में कहा, “खाली लेकर नाम नसीबों का… चूसा खून अति पिछड़ों का… अब ये नहीं चलेगा।” उनका कहना है कि सपा ने केवल परिवार को आगे बढ़ाने की राजनीति की है और अन्य जातियों को नजरअंदाज किया है।

अखिलेश यादव ने पीडीए पाठशाला को लेकर क्या कहा था?

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी उन बंद पड़े स्कूलों में पीडीए पाठशाला चला रही है, जहां सरकार ने मर्जर का फैसला किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि सपा कार्यकर्ता तब तक बच्चों को पढ़ाएंगे जब तक सरकार योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं करती। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि इस पहल को रोका नहीं जा सकता।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें उन स्कूलों का दौरा करना चाहिए जहां छतें गिर रही हैं और बच्चे घायल हो रहे हैं। अखिलेश के मुताबिक यह प्रदेश की चरमराती शिक्षा व्यवस्था को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *