बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से हटाए गए 65 लाख नाम सोमवार (18 अगस्त, 2025) को सार्वजनिक कर दिए गए। इसी बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार गुप्ता पर बड़ा हमला बोला।
‘ज्ञानेश गुप्ता हलफनामा दाखिल करें’
तेजस्वी यादव ने कहा, “हम ज्ञानेश गुप्ता जी से कहना चाहते हैं, सबसे पहले उन्हें एक हलफनामा दाखिल करना चाहिए जिसमें यह घोषित किया जाए कि सेवानिवृत्ति के बाद वह भाजपा सरकार द्वारा प्रस्तावित किसी भी पद को स्वीकार नहीं करेंगे और सेवानिवृत्ति के बाद खुद को सेटल करने के लिए कोई पद नहीं मांगेंगे. दूसरा, उन्हें यह भी हलफनामा दाखिल करना चाहिए कि वह देश छोड़कर नहीं भागेंगे…”
‘बचकाने उदाहरण दे रहा चुनाव आयोग’
आरजेडी नेता ने आगे कहा, “पूरे देश के सामने सच्चाई आ गई है कि किस प्रकार से चुनाव आयोग बेईमानी पर बेईमानी किए जा रहा है. इलेक्शन कमीशन के पास कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस का कोई जवाब नहीं था. बचकाने उदाहरण लगातार दिए जा रहे हैं. इससे बेहतर एक्सक्यूज तो नर्सरी के बच्चे दे देते जो चुनाव आयोग ने अमित शाह जी के कहने पर… पीएमओ के कहने पर रटा-रटाया कहा.”
गयाजी में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दिया बयान
तेजस्वी यादव ने यह बयान गया में दिया। यहां वोटर अधिकार यात्रा सोमवार को पहुंची। इस यात्रा में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और दीपांकर भट्टाचार्य मंच साझा करते दिखे। राहुल गांधी के आगमन पर भारी भीड़ जुटी। यह यात्रा रविवार को सासाराम से शुरू हुई थी और सोमवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गई।