सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को आईना दिखाया. बुलडोजर एक्शन पर बोले चंद्रशेखर आजाद

जाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के बुलडोजर पर दिए फैसले का स्वागत किया. कोर्ट के फैसले पर बात करते हुए चंद्रशेखर ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को उसकी हकीकत दिखाई है.

आजाद ने कहा कि जब तक देश में न्यायपालिका है, तब तक कोई भी सरकार अपने आप को तानाशाह न समझे. उन्होंने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट उन अधिकारियों पर कार्यवाही कर दे, जिन्होंने सिर्फ सरकार को खुश करने के लिए बिना अपराध साबित हुए बुलडोजर की कार्रवाई की, तो भविष्य में कोई ऐसा काम नहीं करेगा.

सीएम योगी पर निशाना साधा

चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का काम लोगों को सुरक्षा देना होता है, लेकिन यहां सीएम ‘बंटेंगे-कटेंगे’ जैसे नारों से लोगों को डराने का काम कर रहे हैं. प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे छात्रों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह बीजेपी की युवा विरोधी सरकार है.

आजाद ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने पर विचार कर रही है, तो राज्य सरकार एक शिफ्ट में परीक्षा क्यों नहीं करवा सकती.

सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर एक्शन पर लगाई रोक

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बुलडोजर एक्शन पर फैसला देते हुए कहा कि अपराध की सजा घर तोड़ना नहीं है. जस्टिस गवई और जस्टिस विश्वनाथन की पीठ ने राज्य सरकारों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन जज नहीं बन सकता. अपराधी को सजा देने का काम कोर्ट का है, न कि पुलिस और प्रशासन का. कोर्ट ने कहा कि जब तक अदालती फैसला न आ जाए, सरकार किसी भी आरोपी या उसके परिवार को सजा नहीं दे सकती.

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार के बुलडोजर एक्शन के खिलाफ जमीयत ए उलेमा हिंद सहित कई लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस पर रोक लगाने की मांग की थी. पिछले कई महीनों से इस मामले में कोर्ट में सुनवाई चल रही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *