क्या राबड़ी देवी का रास्ता चुनेंगी सुनीता केजरीवाल? अनुराग ठाकुर ने बताई समानता

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर (Anurag Thakur) ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उपजे हालात की तुलना चारा घोटाले में लालू प्रसाद यादव की गिरफ्तारी के बाद पैदा हुई परिस्थितियों से कर दी।उन्होंने कहा कि जब बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में गिरफ्तार किया गया था, तो उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने घोषणाएं करनी शुरू कर दी थी। बाद में वह मुख्यमंत्री बन गई थीं। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी वैसा ही कर रही हैं।

दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किए जाने के बाद से सुनीता केजरीवाल ने दो वीडियो संदेश जारी किए हैं। केजरीवाल ने जिस कुर्सी पर बैठकर कई संबोधन दिए, उस पर बैठकर सुनीता ने अपने पति का बचाव किया और उनके संदेश पढ़े। इससे अटकलें तेज हो गई हैं कि पूर्व आईआरएस अधिकारी सुनीता केजरीवाल, जिन्होंने काफी हद तक कम राजनीतिक छवि बनाए रखी है, दिल्ली सरकार के प्रमुख के रूप में अरविंद केजरीवाल की जगह लेंगी, क्योंकि केजरीवाल पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ रहा है।

अनुराग ठाकुर बुधवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर थे। उन्होंने उधमपुर में एक बाइक रैली में शिरकत की। उन्होंने कहा कि जब लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले में फंसे थे तो राबड़ी देवी घोषणाएं करती थीं। फिर धीरे-धीरे उन्होंने सीएम का पद संभाल लिया था। अब अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के मामले में भी यही हो रहा है। सुनीता केजरीवाल भी अपने पति की गिरफ्तारी के बाद से सार्वजनिक रूप से मुखर हो गई हैं। लग रहा है कि वह भी राबड़ी देवी वाला रास्ता अपनाएंगी।

गौरतलब है कि केजरीवाल भारतीय इतिहास के एकमात्र मौजूदा मुख्यमंत्री हैं जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। यही नहीं उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने जेल से दिल्ली सरकार को चलाना जारी रखा है। बीजेपी नेताओं ने इस फैसले की तीखी आलोचना की है। अनुराग ठाकुर ने कहा- केजरीवाल को सीएम पद से इतना प्यार है कि जो व्यक्ति कहता था कि वह कभी राजनीति में नहीं आएगा, वह जेल में रहते हुए भी इसे नहीं छोड़ रहा है। केजरीवाल जो पहले कहते थे कि मैं बड़ी गाड़ी, बड़ा बंगला और सुरक्षा नहीं लूंगा, उन्होंने सबसे बड़ा बंगला बनाया, दो राज्यों से सुरक्षा ली और एक नहीं कई आलीशान कारें लीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *