श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकी हलचल के बीच सुरक्षाबलों ने एक बड़ा अभियान चलाया है। ‘ऑपरेशन महादेव’ नाम से चलाए गए इस अभियान में सेना ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया है। यह कार्रवाई श्रीनगर के हरवान इलाके के लिडवास क्षेत्र में की गई, जहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हो सकते हैं आतंकी
सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LET) से जुड़े हो सकते हैं। इसके अलावा इन आतंकियों के हाल ही में पहलगाम हमले में शामिल होने की भी आशंका है। गौरतलब है कि उस हमले में शामिल तीन आतंकियों के स्कैच जारी किए गए थे और शुरुआती जानकारी के अनुसार, मारे गए आतंकी उन्हीं में से हो सकते हैं।
हालांकि, सेना ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ड्रोन से निगरानी, अचानक शुरू हुई फायरिंग
सेना के अनुसार, सोमवार को लिडवास क्षेत्र में मुठभेड़ की शुरुआत तब हुई जब सेना के जवान संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचे और आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और तीनों आतंकियों को मार गिराया।
इस पूरे ऑपरेशन की ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही थी और तीन शवों की पुष्टि ड्रोन से भी हुई है।
पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड हाशिम मूसा के मारे जाने की खबर
सूत्रों का दावा है कि इस मुठभेड़ में मारा गया एक आतंकी हाशिम मूसा है, जो हालिया पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था। इसके अलावा स्कैच में दिखने वाले दो अन्य आतंकियों – सुलेमान और यासिर – के भी मारे जाने की खबर मिल रही है।
हालांकि, इस पर अधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
चिनार कोर का पोस्ट, ऑपरेशन जारी
भारतीय सेना की चिनार कोर ने भी अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर पुष्टि करते हुए कहा कि लिडवास में मुठभेड़ में तीन आतंकियों को ढेर किया गया है।
हालांकि, अभी भी ऑपरेशन जारी है क्योंकि सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में और आतंकियों के छिपे होने का शक है।