केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार (23 मार्च, 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए कहा कि मोदी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित है और उनके लिए देश सर्वोपरि है।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी के साथ संगठन के कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री और अब केंद्रीय मंत्री के रूप में काम किया है और करीब से उनके काम करने की शैली को देखा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले — लंबा सफर 20 मिनट में बताना मुश्किल
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘आज मैं बड़ी दुविधा में हूं, प्रधानमंत्री जी ने सरकारों के मुखिया रहते हुए कल रविवार (22 मार्च, 2026) को अपने 8,931 दिन पूरे किए और मैं इतने लंबे समय की चर्चा 20-25 मिनट में कैसे करूं, क्योंकि मोदी जी एक व्यक्ति नहीं विचार हैं. परिश्रम की पराकाष्ठा के बड़े उदाहरण हैं प्रधानमंत्री. उन्होंने देश के लिए कैसे काम किया है ये बहुत महत्वपूर्ण हैं.’
उन्होंने प्रधानमंत्री के निजी जीवन के एक प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे वो दिन याद आ गया, जिस दिन प्रधानमंत्री जी की माता जी का स्वर्गवास हुआ था. मैं तमिलनाडु में था और हमने सोचा गुजरात चलना चाहिए, लेकिन फिर मुझे पता चला कि मां के अंतिम संस्कार के बाद प्रधानमंत्री पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे, ताकि खुद का दर्द देश के काम पर भारी न पड़ जाए. बिना प्रतीक्षा किए सबको निर्देश दिया गया, कोई नहीं आएगा.’
35 साल से जानता हूं मोदी जी को
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मैं मोदी जी को पिछले 35 सालों से जानता हूं. मैंने उनके साथ संगठन के कार्यकर्ता के रूप में भी काम किया है. बाद में उनके साथ मुख्यमंत्री के तौर पर भी काम किया और अब प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में काम कर रहा हूं. उनके लिए राष्ट्र प्रथम सर्वोपरि है.’
गुजरात मॉडल से मोदी युग तक का जिक्र
प्रधानमंत्री के कामों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘गुजरात के भूकंप ने जब भुज और कच्छ को तबाह कर दिया था, उसके बाद प्रधानमंत्री ने वहां का पुनर्निर्माण किया. उसकी केस स्टडी दुनिया के कई देशों ने की. उन्होंने विकसित गुजरात और विकसित भारत के लिए राजनीति की. मोदी जी ने रिवर लिंकिंग के ड्रीम को साकार किया. गुजरात को मैन्युफैक्चरिंग का हब बना दिया.’
उन्होंने आगे कहा, ‘गुजरात में जब मोदी मुख्यमंत्री थे और दिल्ली में दूसरी सरकार थी. तब निवेशकों को कहा जाता था कि गुजरात मत जाना, लेकिन निवेशक वहां गए, टूरिज्म का हब बना. गुजरात मॉडल की चर्चा देश के हर दिल में घर करने लगी. 2011, 2012 और 2013 के वो काले दिन जब चारों तरफ भ्रष्टाचार का शोर सुनाई देता था, तब उस निराशा के अंधकार में आशा और विश्वास का प्रतीक बनकर मोदी जी उभरे. 2014 के बाद गठबंधन की राजनीति समाप्त हुई. अकेली पार्टी को बहुमत मिला और मोदी युग की शुरुआत हुई.’
मोदी सरकार के फैसलों और उपलब्धियों का किया उल्लेख
सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘आज हमारी कृषि ने अन्न के भंडार भर दिए. मोदी जी ने महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक, सशक्तिकरण करने का काम किया, आतंकवाद पर करारा प्रहार किया, चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक या ऑपरेशन सिंदूर हो. नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. धारा 370 की समाप्ति भी हुई और राम मंदिर भी बना. एक के बाद एक राज्य कॉमन सिविल कोड को भी लागू करते जा रहे हैं. मोदी जी केवल राजनेता नहीं, सोशल रिफॉर्मर हैं. उन्होंने स्वच्छता को आंदोलन बना दिया, एक पेड़ मां के नाम से करोड़ों पेड़ लग गए. उनके जैसा लिस्नर मैंने नहीं देखा, बड़े ध्यान से सुनते हैं. गुलामी के प्रतीक चिन्हों को दूर हटा दिया गया. देश धन्य हैं जो मोदी जी जैसा नेता मिला. आज 14 राज्यों में बीजेपी 19 राज्यों में NDA की सरकार है.’
विपक्ष पर भी साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा, ‘जिनको अपना राजनीतिक भविष्य अंधकार में दिखाई दे रहा है. उनको पता है कि वे मोदी जी के कारण कहीं बचे नहीं. वो कैसे प्रशंसा करेंगे. देश की जनता जानती है, मोदी जी कैसे हैं.’