कभी नहीं हुआ ऐसा चमत्कार; शिवराज ने बताया क्यों MP की यह जीत सबसे बड़ी; मिशन-29 का भी आगाज

ध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों के मन में यह कुलबुलाहट है कि भगवा दल किसे सीएम बनाएगी? सूत्रों के हवाले से यह बताया जा रहा है कि भाजपा चार बार से सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान की जगह किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री बना सकती है।इन अटकलबाजियों के बीच सीएम शिवराज ने इस जीत को एक ‘चमत्कार’ बताया है। साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश में मिशन-29 का आगाज भी कर दिया है। आइए समझते हैं इसके मायने…

कभी नहीं हुआ ऐसा चमत्कार…
शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा में कहा, ‘मैं हवाई पट्टी से आ रहा था, रास्ते में जगह-जगह लाडली बहनें खड़ी थीं। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिस पर लिखा था कि भैया अपन जीत गए… सचमुच यह अद्भुत है। मध्य प्रदेश की धरती पर ऐसा चमत्कार हुआ है जो पहले कभी नहीं हुआ था। भाजपा को 48.6 फीसदी वोट मिला है, जो इतिहास में कभी नहीं मिला। जब हम 173 सीटें जीते थे तब 42 फीसदी वोट मिला था। आपने (एमपी की जनता ने) चमत्कार कर दिया, मैं सिर झुका कर प्रणाम करता हूं।’

मिशन-29 का भी आगाज
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा, ‘आज से हम शुरू कर रहे हैं मिशन मध्य प्रदेश का मिशन-29… मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। मेरी दिल से इच्छा है, इसके लिए हम सब मिलकर दिल-जान से मेहनत करेंगे, जैसे विधानसभा की चुनाव में मैं किसी भी रात दो घंटे से ज्यादा नहीं सोया, वैसे ही अब मैं चैन की सांस नहीं लूंगा… आप बताओ, फिर से मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है? तो लोकसभा की 29 की 29 सीटों भाजपा को जिताना है।’

कौन बनेगा सीएम?
भाजपा ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में शानदार जीत दर्ज की है। तीनों ही राज्यों में भगवा दल ने बगैर सीएम फेस चुनाव लड़ा था। मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर इन राज्यों में सीएम पद के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि नेतृत्व इस बार नए चेहरों को सीएम बना सकती है। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने साफ कह दिया है कि ‘मैं भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं। मैं मुख्यमंत्री का दावेदार न पहले कभी रहा न ही आज हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *