शिवपाल यादव का पलटवार: “सपा हत्या की राजनीति नहीं करती, पूजा पाल का करियर खत्म”

मुजफ्फरनगर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल के गंभीर आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पूजा पाल ने हाल ही में एक चिट्ठी में लिखा था कि अगर उनकी मृत्यु होती है, तो इसका जिम्मेदार सपा और अखिलेश यादव होंगे। इस पर शिवपाल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जवाब देते हुए कहा कि इतने दिन चुप रहने के बाद अब अचानक हत्या का डर क्यों?

“पूजा पाल अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी”

शिवपाल यादव ने कहा, “हत्या की राजनीति कुछ लोग करते हैं, हम नहीं। समाजवादी पार्टी हत्या की राजनीति नहीं करती। पूजा पाल का विधायक बनने का रास्ता अब बंद हो गया है। उन्हें नैतिक आधार पर पहले ही इस्तीफा दे देना चाहिए था। उनका राजनीतिक करियर खत्म हो चुका है।”

संगीत सोम और बीजेपी पर निशाना

शिवपाल यादव ने बीजेपी नेता संगीत सोम के ‘पश्चिमी यूपी मिनी पाकिस्तान बन रहा है’ वाले बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनका स्वार्थ जगजाहिर है, कभी हमारे साथ रहे और अब अपने फायदे के लिए कुछ भी कह रहे हैं। उनका चरित्र सबको पता है।

2027 में INDIA गठबंधन की रणनीति

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। सेंट्रल पार्लियामेंट बोर्ड की बैठकें जारी हैं और जल्द प्रत्याशियों की घोषणा होगी। अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने पर उन्होंने कहा, “विधायक अपना नेता चुनते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि भाजपा हटे और अखिलेश मुख्यमंत्री बनें।”

बीजेपी के खिलाफ तीखा हमला

शिवपाल ने भाजपा पर वादाखिलाफी और संस्थाओं पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति से भाजपा घबराई हुई है। “समाजवादी पार्टी में सभी वर्ग और जातियों के लोग शामिल हैं। अब ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा पूरे देश में गूंजेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *