Shashi Tharoor on CJP Protest: कोच्चि में SIR के खिलाफ प्रदर्शन पर शशि थरूर ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

केरल के कोच्चि में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने शनिवार (7 नवंबर, 2026) को मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में सभी को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है और लोगों को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘हम लोकतंत्र में भरोसा रखते हैं. उन्हें विरोध प्रदर्शन करने दीजिए. देखते हैं कि लोग क्या सोचते हैं.’

कोच्चि में SIR के खिलाफ CJP का विरोध मार्च

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को केरल के कोच्चि में SIR प्रक्रिया को वापस लेने की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर इस प्रदर्शन की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि ‘कोच्चि में जंतर-मंतर के नाम से आयोजित यह प्रदर्शन शाम 4 बजे से राजेंद्र मैदान में होगा.’

दिल्ली में पिछले महीने संगठन के कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद यह CJP का पहला बड़ा प्रदर्शन है। इससे पहले संगठन के सदस्यों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश की थी।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का ऐलान

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके भी अभिनेता और एक्टिविस्ट प्रकाश राज के निमंत्रण पर कोच्चि पहुंचे। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, उन्होंने कहा कि वह स्थानीय आयोजकों और प्रकाश राज के बुलावे पर इस प्रदर्शन में शामिल होने आए हैं।

कोच्चि एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान दीपके ने इस प्रदर्शन को ‘लोगों का आंदोलन’ बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था स्थापित होने तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनकी पार्टी का विरोध जारी रहेगा।

दीपके ने कहा, ‘यह जनता का आंदोलन है. मैं यहां स्थानीय आयोजकों और प्रकाश राज के निमंत्रण पर आया हूं. जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था नहीं मिल जाती.’

‘पूरे देश में वोट काटे जा रहे’, SIR पर अभिजीत का आरोप

केरल में SIR प्रक्रिया के दौरान वोटों की चोरी होने से जुड़े सवाल पर अभिजीत दीपके ने देशभर में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘पूरे देश में वोट काटे जा रहे हैं. ऐसा एक भी राज्य नहीं है, जहां मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से नहीं हटाए जा रहे हैं.’

उनका आरोप है कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया केवल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में ऐसा हो रहा है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई थी CJP सदस्यों की गिरफ्तारी

गौरतलब है कि पिछले महीने दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश के दौरान CJP के कई सदस्यों को हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में संगठन के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका भी शामिल थे। ये लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहते थे। वहीं, संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *