‘मेरी GK वाली कोठी ढूंढ दो, 25 लाख दूंगा’ – बीजेपी पर भड़के सौरभ भारद्वाज, गली-गली बांटे पर्चे

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी और ईडी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनोखा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी कथित ग्रेटर कैलाश वाली कोठी और फार्महाउस ढूंढने की चुनौती बीजेपी नेताओं को दी है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि अगर कोई उनकी ‘कोठी’ का पता बता दे तो उसे 25 लाख रुपये इनाम मिलेगा।

बीजेपी नेताओं पर लगाया झूठ फैलाने का आरोप

भारद्वाज ने कहा, “पिछले 10 साल से बीजेपी के छोटे-छोटे नेता चाय और पान की दुकान पर कहते फिर रहे हैं कि सौरभ भारद्वाज ने कोठी और फार्महाउस ले लिया है। लेकिन कोई बड़ा नेता यह बात नहीं कहता क्योंकि उन्हें पता है कि मैं मानहानि का केस कर दूंगा।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी कोठी का पता है तो सीधे ईडी को बताओ, न कि चायवालों को।

पर्चे पर लिखा – ‘मेरी कोठी का पता बता दो’

सौरभ भारद्वाज और उनके समर्थक इन दिनों गली-गली जाकर पीले रंग के पर्चे बांट रहे हैं। इन पर्चों में लिखा है – “मेरी ग्रेटर कैलाश वाली कोठी का पता बता दो। पिछले 10 साल से कहा जा रहा है कि मैंने जीके या साकेत में कोठी खरीदी है। अगर किसी को सही पता हो तो ईडी और मुझे बताएं।”

‘पुश्तैनी मकान के अलावा कुछ नहीं’

पर्चे में आगे लिखा है – “चिराग दिल्ली के पुश्तैनी मकान के अलावा मेरी कोई संपत्ति है तो तुरंत ईडी को बता दें। गली-मोहल्लों में अफवाह फैलाने से कुछ नहीं होगा। अगर कोई सच में मेरी करोड़ों की कोठी ढूंढ ले, तो मैं उसे 25 लाख रुपये दूंगा।”

बीजेपी नेताओं को दी सीधी चुनौती

सौरभ भारद्वाज ने नाम लेकर बीजेपी नेताओं शिखा राय और वीरेंद्र सचदेवा को चुनौती दी। उन्होंने कहा, “अगर हिम्मत है तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताएं कि मेरी कोठी और फार्महाउस कहां हैं। अगर नहीं बता सकते, तो यह बकवास बंद करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *