यूपी में एक और सपा विधायक के खिलाफ केस दर्ज, पार्टी के ही ब्लॉक अध्यक्ष ने लगाए संगीन आरोप

यूपी में एक के बाद एक समाजवादी पार्टी के विधायकों के खिलाफ केस दर्ज होने के मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को जौनपुर की केराकत सीट से सपा के विधायक तूफानी सरोज के खिलाफ केस दर्ज हो गया।

सपा विधायक के खिलाफ केस उनकी ही पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष की तहरीर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दर्ज हुआ है। बरसठी पुलिस ने सपा विधायक पर मुकदमा दर्ज किया है। बरसठी ब्लाक अध्यक्ष विवेक यादव ने सपा विधायक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दोनों के बीच तल्ख बातचीत का ऑडियो भी कुछ ही दिनों पहले वायरल हुआ था। तूफानी सरोज सपा की सांसद प्रिया सरोज के पिता भी हैं। प्रिया सरोज पिछले लोकसभा चुनाव में जौनपुर की ही मछली शहर सीट से सांसद चुनी गई हैं।

पुलिस के अनुसार ब्लाक अध्यक्ष विवेक यादव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि केराकत विधायक तूफानी सरोज ने 19 सितंबर को फोन करके धमकी दी। आरोप है कि विधायक ने कहा कि तुम्हारी दुकान पर चढ़ आऊंगा, तुम्हारी औकात क्या है। संभल जाओ, नहीं तो ठीक नहीं होगा। विवेक के अनुसार, उन्हें एक जाति विशेष की आड़ में गोली मारने की धमकी दी गई।

बरसठी थाना प्रभारी कश्यप कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर विधायक पर धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि ब्लाक अध्यक्ष और विधायक के बीच तल्ख बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। उसके बाद विधायक ने ब्लाक अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि व्हाट्सएप ग्रुपों में विवेक यादव उनके खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *