पटना: राजधानी के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई नीट छात्रा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस जघन्य घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी फुल एक्शन मोड में आ गए हैं. रविवार (25 जनवरी 2026) को उन्होंने बिहार के डीजीपी और सीआईडी के एडीजी को तलब कर मामले की पूरी रिपोर्ट ली और पुलिस को खुली छूट देने का ऐलान किया.
रेप की पुष्टि के बाद डीजीपी-एडीजी तलब
इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच एसआईटी (SIT) कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में मृत छात्रा के साथ रेप की पुष्टि हुई है. इस सनसनीखेज खुलासे के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने डीजीपी विनय कुमार और सीआईडी के एडीजी पारसनाथ को बुलाया. अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को केस की अब तक की प्रगति और एफएसएल रिपोर्ट की जानकारी दी. बैठक के दौरान सम्राट चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो, इसके लिए पुलिस को पूरी आजादी दी गई है. माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद अब पुलिस कार्रवाई में और तेजी आएगी.
‘अपराधी समाज के लिए कचरा हैं, उन्हें साफ करना है’
अधिकारियों से मीटिंग के बाद मुंगेर के तारापुर विधानसभा स्थित रामपुर पंचायत में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने भरे मंच से कहा, “अपराधी किसी जाति-धर्म के नहीं हैं. किसी भी जाति-धर्म के लोग अपराधी हैं वे समाज के लिए कचरा हैं. ऐसे अपराधी को साफ करना है. उसका रास्ता पुलिस जानती है और ये काम पुलिस का है, इसलिए हम कभी पुलिस के काम में हस्तक्षेप नहीं करते हैं.”
‘दोषियों को माला नहीं पहनाएंगे, उन पर माला चढ़ाएंगे’
पटना में नीट छात्रा के साथ हुई दरिंदगी पर अपना रुख साफ करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि पुलिस स्वतंत्र होकर जांच कर रही है. उन्होंने बेहद तल्ख लहजे में कहा, “इस मामले में दोषी को माला पहनाने का काम नहीं करना है. इस पर माला चढ़ाने का काम किया जाएगा.” उन्होंने साफ तौर पर कहा कि “कोई भी छोटी बच्ची के साथ इस तरह का घिनौना काम करता है उसे बख्शने की जरूरत नहीं है.”