एशिया कप में टूटेगा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड

भारत और पाकिस्तान की टीमें शनिवार को एशिया कप में आमने सामने होंगी तो यह विश्व कप के ड्रेस रिहर्सल की तरह रहेगा जिसमें कई स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। एशिया कप 2023 की शुरुआत 30 अगस्त से हो गई है।

यह टूर्नामेंट का 16वां संस्करण है। पहले मैच में पाकिस्तान ने नेपाल को हराया और दूसरे मैच में श्रीलंका ने बांग्लादेश को मात दी। तीसरा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के दौरान भारत के कप्तान रोहित शर्मा के पास सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा।

कप्तान रोहित शर्मा के पास एशिया कप में वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का मौका है। एशिया कप के वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या के नाम है। उन्होंने 25 वनडे में 1220 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर कुमार संगकारा हैं, उन्होंने 24 मैच में 1075 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 23 वनडे में 971 रन हैं।

एशिया कप में वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। हालांकि रोहित शर्मा के पास सचिन को पीछे छोड़ने का मौका है। वह एशिया कप में रन बनाने के मामले में सचिन से सिर्फ 226 रन पीछे हैं। रोहित शर्मा ने 22 वनडे में 745 रन बनाए हैं। रोहित एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5वें बल्लेबाज हैं। श्रीलंका और पाकिस्तान में आयोजित हो रहे एशिया कप 2023 में अगर रोहित शानदार प्रदर्शन करने में कामयाब होते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ सकते हैं। भारत के फुल टाइम कप्तान रोहित शर्मा 10 हजारी बनने के भी करीब हैं। रोहित ने 244 वनडे में 9837 रन बनाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *