70 दिन में अमित शाह का चौथा दौरा, CM भूपेश बघेल के खिलाफ आरोप पत्र

त्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी बड़ी रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा को दोबारा सत्ता में लाने के लिए केंद्रीय नेता कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। भाजपा के केंद्रीय नेताओं का एक बार फिर छत्तीसगढ़ में जमावड़ा हो रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष रायपुर आए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। यहां BJP के शीर्ष नेता छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीतियों पर मंथन करेंगे। वहीं कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ आरोप पत्र भी जारी करेंगे।

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का पूरा फोकस इन दिनों छत्तीसगढ़ की चुनावी रणनीति पर है। पार्टी के शीर्ष नेता लगातार छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह का 70 दिनों में चौथा छत्तीसगढ़ दौरा होगा। शाह ने 22 जून को दुर्ग में आम सभा को संबोधित किया था। इसके बाद 5 जुलाई और 22 जुलाई को शाह रायपुर आए थे। अब करीब 40 दिन बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह फिर आ रहे हैं। इस बार सीएम बघेल के खिलाफ शाह खास आरोप पत्र लेकर दिल्ली से रायपुर आएंगे। वहीं इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रायपुर आ चुके हैं। उन्होंने साइंस कॉलेज में बड़ी सभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया था। उन्होंने भूपेश बघेल सरकार को भी जमकर घेरा था।

BJP नेताओं के साथ मंत्रणा करेंगे शाह
भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ के लिए 21 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। आज (शुक्रवार) शाम 7 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में अमित शाह प्रदेश के नेताओं की बैठक लेंगे। बैठक में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह प्रदेश चुनाव सह प्रभारी डॉक्टर मनसुख मांडविया, प्रदेश भाजपा प्रभारी व चुनाव प्रभारी ओम माथुर, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सहित कई नेता शामिल होंगे। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का दौरा छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल की कांग्रेसी सरकार को सत्ता से बेदखल करना और भाजपा की दोबारा सरकार बनाना है।

अमित शाह की सरायपाली में बड़ी जनसभा
प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही महीनों का समय बचा हुआ है, लेकिन केंद्रीय नेताओं का दौरा तेज हो गया है। 2 सितंबर को रायपुर में गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में BJP द्वारा कांग्रेसी सरकार के खिलाफ आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा। इसके बाद अमित शाह छत्तीसगढ़ और ओडिशा बार्डर पर सरायपाली इलाके में आमसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने मंत्रणा की थी। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में भाजपा की चुनावी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *