रोहित ने दिल्ली में सेंचुरी जड़कर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन का बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त

‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा का मंगलवार को आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ जमकर बल्ला चला। उन्होंने 273 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तूफानी शतकीय पारी खेली।उन्होंने 84 गेंदों में 16 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 131 रन बनाए। उन्होंने ईशान किशन (47) के साथ पहले विकेट के लिए 156 रन की साझेदारी की। यह रोहित के वनडे करियर का 31वां शतक है। रोहित ने अपनी इस पारी के दम पर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से लेकर विश्व कप विजेता कप्तान और पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कपिल का रिकॉर्ड तोड़ा।

रोहित वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सातवां शतक ठोककर सचिन को पछाड़ा। सचिन ने 6 शतक लगाए। बता दें कि रोहित ने वर्ल्ड कप 2019 में पांच शतक जमाए थे। रोहित इसके अलावा वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। रोहित ने अफगानिस्तान के खिलाफ 63 गेंदों में सैकड़ा जमाया। उनसे पहले यह रिकॉर्ड कपिल के नाम था, जिन्होंने 72 गेंदों में सेंचुरी जड़ी।

रोहित वर्ल्ड कप में सबसे तेज एक हजार रन का आंकड़ा छूने के मामले में संयुक्त रूप से शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। वह 19 पारियों में एक हजारी बने। ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर ने भी इतनी पारियों में 1000 रन बटोरे। इस लिस्ट में सचिन और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 20 पारियों में ऐसा किया। उनके बाद वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज विव रिचर्ड्स (21) और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (21) हैं।

रोहित वर्ल्ड कप में भारत के लिए एक हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उनके अलावा यह कमाल सचिन (2278), विराट कोहली (1115), सौर गांगुली (1106) ने किया है। रोहित के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह 556 सिक्स लगा चुके हैं। उन्होंने क्रिस गेल का का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 553 छक्के ठोके। इस सूची में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी (476) तीसरे स्थान पर हैं। रोहित ने वर्ल्ड कप में भारत के लिए 6 बार 100 प्लस ओपनिंग पार्टनरशिप की, जो सबसे अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *