रेप मामले में दोषी गुरमीत राम रहीम फिर जेल से आएगा बाहर, इस बार 21 दिन की मिली पैरोल

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर जेल से बाहर आने वाला है। इस बार उसे 21 दिनों की पैरोल मिली है। मालूम हो कि 2 साध्वियों से रेप के आरोप में गुरमीत सजा काट रहा है।इससे पहले इसी साल जनवरी में डेरा प्रमुख को 40 दिन की पैरोल मिली थी। पिछले साल अक्टूबर में भी वह 40 दिनों के लिए जेल से बाहर आया था। हालांकि, इस बार वह फरलो पर बाहर आ रहा है। कुछ दिनों पहले यह खबर सामने आई थी कि राम रहीम फिर से जेल से बाहर आ सकता है।

बता दें कि पैरोल का मतलब किसी कैदी को विशेष उद्देश्य के लिए अस्थायी रूप से या सजा की समाप्ति से पहले अच्छे व्यवहार के वादे पर पूरी तरह रिहा करना है। फरलो में किसी दोषी को जेल से अस्थायी तौर पर रिहा किया जाता है। गुरमीत राम रहीम इन 21 दिनों की पैरोल के दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत में एक आश्रम में रहेगा। जनवरी में राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिलने पर विवाद खड़ा हो गया था। इसे लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि प्रक्रियाओं का पालन करते हुए पैरोल पाना डेरा सच्चा सौदा प्रमुख का अधिकार है।

जनवरी में पैरोल मिलने पर वायरल हुआ था वीडियो
जनवरी में मिली इस पैरोल के दौरान राम रहीम का एक वीडियो सामने आया था जिसे लेकर खूब हंगामा मचा। डेरा प्रमुख इसमें तलवार से केक काटकर जश्न मनाते देखा गया था। इससे पहले भी पैरोल पर बाहर आने के बाद सिरसा मुख्यालय वाले संप्रदाय के प्रमुख ने कई ऑनलाइन सत्संग सत्र आयोजित किए थे। इसे लेकर भी सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए थे। लोगों का कहना था कि आखिर जो व्यक्ति रेप जैसे मामले में दोषी करार दिया जा चुका है, वह बाहर आकर सत्संग कैसे कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *