रक्षाबंधन का पावन पर्व पूरे देश के साथ उत्तर प्रदेश में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर समेत कई दिग्गज नेताओं ने जनता को बधाई संदेश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “स्नेह की पवित्र गांठ, विश्वास की मौन प्रतिज्ञा, भाई-बहन के अटूट प्रेम की जीवंत अभिव्यक्ति रक्षाबंधन की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। रक्षासूत्र की नन्ही डोर सिर्फ कलाई नहीं बांधती, आत्मा को जोड़ती है। यह हर युग में मर्यादा और आत्मीयता की अमर गाथा बुनती है।”
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने संदेश में लिखा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और संरक्षण के अटूट बंधन का प्रतीक है। उन्होंने अपील की, “आइए, इस पर्व पर हम आपसी स्नेह, विश्वास और पारिवारिक मूल्यों को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लें।”
स्वास्थ्य मंत्री व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी एक्स के जरिए बधाई देते हुए लिखा, “भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक पर्व रक्षा बंधन की समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने संदेश में कहा, “भाई-बहन के आपस के पवित्र रिश्ते एवं प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन के त्योहार की देश के समस्त भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। लोग इसकी पवित्रता को बनाये रखते हुये पूरे सौहार्द व उमंग के साथ मनायें।”
यूपी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी खास अंदाज में बधाई देते हुए कहा, “रक्षाबंधन वह दिन है जब एक धागा अनगिनत भावनाओं को जोड़ता है – स्नेह, समर्पण, बचपन की शरारतें और आजीवन साथ का वादा।” उन्होंने आगे लिखा, “इस पावन अवसर पर भाइयों से यह अपेक्षा रहती है कि वे बहन की भावनाओं, उसके आत्मसम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा करें। भाई केवल रक्षक नहीं, सहायक, मित्र और पथप्रदर्शक भी हों, ताकि यह रिश्ता समय के साथ और भी प्रगाढ़ हो सके।”