राजनाथ ने इस नेता को बताया धोनी जैसा धुरंधर, बोले- ये तो मैदान में बना देते हैं माहौल

क्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के नीमच में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म सहिष्णुता और संवेदनशीलता पर आधारित है जबकि विरोधी इसे सामाजिक न्याय हासिल करने में बाधा मानते हुए इसका विरोध करते हैं।

उन्होंने जनता से अपील की कि वह ऐसे नेताओं को वोटों के जरिए मुंहतोड़ जवाब दे। राजनाथ पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

रक्षा मंत्री ने विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों पर कटाक्ष करते हुए ‘कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा’ वाली कहावत का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि इसके नेताओं ने इस गठबंधन का नाम ‘INDIA’ रखकर गलती कर दी है। इसी तरह की चूक एक बार हमसे (भाजपा से) हुई थी, जब ‘शाइनिंग इंडिया’ का नारा दिया गया था और हम चुनाव हार गए थे।

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल डीएमके के नेता उदयनिधि स्टालिन का नाम लिए बगैर उनके सनातन धर्म के खिलाफ दिए बयान की ओर इशारा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसे दल और उसके नेता ‘INDIA’ गठबंधन में शामिल हैं। राजनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब देश अपने सेटेलाइट चांद, मंगल पर भेजने के लिए और सूरज के नजदीक पहुंचने के लिए ‘लांच’ कर रहा है, तब ‘कांग्रेस का राहुल’ 20 वर्षों से लॉन्च नहीं हो पाया है।

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर लगातार आगे बढ़ रहा है। देश की बात अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर गंभीरता से सुनी जाती है। आने वाले समय में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। देश और तेजी से प्रगति करे, इसके लिए राज्यों में भी पीएम मोदी की बात सुनने वाली सरकार होनी चाहिए। इसलिए एमपी में भी भाजपा की भाजपा सरकार जरूरी है।

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शिवराज राजनीति के धोनी हैं। वह किसी भी स्थिति में मैदान में उतर जाएं तो धोनी की तरह पूरे मैदान में जीत का माहौल बना देते हैं। मैं चौहान को 30 वर्षों से अधिक समय से जानता हूं। उन्होंने हमेशा एक सेवक की तरह काम किया है। वे गरीबों की सेवा में निरंतर कार्य करते हैं। शिवराज ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर विकसित राज्यों की कतार में ला दिया है।

रक्षा मंत्री ने लोगों से कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा के राज में जो बदलाव शुरू हुआ है, वह रुकना नहीं चाहिए। बीच में जब लगभग 15 महीने के लिए कांग्रेस का शासन इस राज्य में आया था, विकास के कार्य रोक दिए गए थे। केंद्र की बेहतर योजनाएं भी यहां पर क्रियान्वित नहीं हो पा रही थीं। उन्होंने लोगों से कहा कि अब ऐसी गलती नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन धर्म को खत्म करने की बात सोचने वाले खुद ही नष्ट हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *