कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी कर बेंगलुरु सेंट्रल के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में कथित मतदाता धोखाधड़ी के आरोपों पर स्पष्टीकरण और साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा है। यह कदम 7 अगस्त 2025 को दिल्ली में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उठाया गया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि ‘शकुन रानी’ नाम की महिला ने दो बार मतदान किया।
राहुल गांधी के दावे पर उठे सवाल
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पत्र में कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि मतदान अधिकारी के रिकॉर्ड में शकुन रानी के नाम पर दो टिक मार्क हैं, जो पोलिंग बूथ अफसर द्वारा लगाए गए। उन्होंने दावा किया था कि यह दस्तावेज निर्वाचन आयोग के डेटा का हिस्सा है।
शकुन रानी का बयान और जांच रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने जांच में शकुन रानी से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्होंने केवल एक बार ही मतदान किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि राहुल गांधी द्वारा दिखाया गया ‘टिक मार्क’ वाला दस्तावेज मतदान अधिकारी द्वारा जारी नहीं किया गया था।
दस्तावेज पेश करने का निर्देश
कर्नाटक के सीईओ ने राहुल गांधी से आग्रह किया है कि वे वे सभी दस्तावेज उपलब्ध कराएं, जिनके आधार पर उन्होंने दावा किया कि शकुन रानी या किसी अन्य व्यक्ति ने दो बार वोट डाला। आयोग का कहना है कि इन दस्तावेजों के आधार पर विस्तृत जांच की जाएगी।