
रायबरेली में दलित युवक अर्जुन की हत्या का मामला एक हफ्ते से सुर्खियां बना हुआ है। मंगलवार को युवक के परिवार से मिलने लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी भी पहुंचे।इस दौरान पुलिस और सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि यहां पर दलित की हत्या हुई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। लोगों में इसे लेकर भारी आक्रोश है। राहुल ने कहा कि इस परिवार को न्याय मिलने तक हम पीछे नहीं हटेंगे।गौरतलब है कि 11 अगस्त को अर्जुन (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिवार ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन मुख्य आरोपी विशाल सिंह को अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। परिजनों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि यहां पर देखिए भारी भीड़ है, यह लोग न्याय मांग रहे हैं। यहां पर एक दलित युवक को जान से मारा गया है। पूरे परिवार को धमकाया गया है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। राहुल ने कहा कि जिसने यह सब करवाया है उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यहां के एसपी छोटे-छोटे लोगों पर कार्रवाई कर रहे हैं लेकिन मास्टर माइंड के खिलाफ कुछ नहीं हो रहा है। इससे लोगों में गुस्सा हैं।
राहुल ने कहा कि यूपी में हर वर्ग की रिस्पेक्ट हो, उन्हें न्याय मिले। जब तक इस परिवार को न्याय नहीं मिलेगा पीछे नहीं हटने वाले हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने परिवार से बात की है। मां से बात की है। बताया कि बेटा बाल काटता है। छह-सात बार से उसके पास लोग आते थे और पैसे नहीं देते थे। आखिरी बार पैसे नहीं दिए तो लड़के ने कहा कि पैसे दे दीजिए तो उसकी हत्या कर दी गई। यह अन्याय केवल इस परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज के खिलाफ हुआ है। आरोपियों को फांसी की मांग पर कहा कि यह कानून का काम है। मेरा काम कानून लागू करवाना और दबाव डालना है।
मीडिया पर भड़के राहुल
इसी दौरान मीडिया की तरफ से कोलकाता कांड उठाने राहुल गांधी ने कहा कि उस मामले पर पहले ही अपनी टिप्पणी कर चुका हूं। उस मामले पर अपनी राय पहले ही रख चुका हूं। इसके बाद भी डॉक्टरों की हड़ताल पर सवाल पूछने पर राहुल ने कहा कि यहां पर दलित युवक के मामले को उठाने आया हूं। आप यहां पर डॉक्टरों का मामला उठाकर दलितों की बात नहीं रखना चाहते हो इसलिए मामले को भटकाना चाहते हो, मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।