गुरुग्राम। टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के बाद जहां उनके पिता दीपक यादव ने जुर्म कबूल कर लिया है, वहीं इस केस में एक गायक और अभिनेता इनामुल हक का नाम भी इंटरनेट मीडिया पर जोड़ा जाने लगा है। वायरल हुए एक पुराने वीडियो के आधार पर इनामुल को इस मामले से जोड़ा गया, जिस पर अब खुद इनामुल ने सफाई दी है।
इनामुल हक, जो इस समय दुबई में हैं, ने कहा कि केवल उनके मुस्लिम होने के कारण उन्हें इस संवेदनशील केस में घसीटा जा रहा है, जबकि उनका राधिका से कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं था।
“राधिका सिर्फ एक को-स्टार थीं”
इनामुल ने बताया कि डेढ़ साल पहले राधिका के साथ एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग हुई थी, जिसमें उनकी मुलाकात एक बार हुई थी।
“मैंने उनके साथ सिर्फ एक वीडियो शूट किया था। शूटिंग के बाद हमारी कभी कोई बातचीत, मुलाकात या संपर्क नहीं हुआ। न कॉल, न चैट,” — इनामुल ने कहा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शूट के बाद राधिका ने खुद उस गाने को अपने सोशल मीडिया पर प्रमोट तक नहीं किया।
ऐसे हुई थी पहली बातचीत
इनामुल के अनुसार, ढाई साल पहले टेनिस प्रीमियर लीग में राधिका की फोटो उन्हें एक क्रू मेंबर ने दिखाई थी, जब वह पंजाब टाइगर्स टीम के क्रिएटिव हेड थे। राधिका एक्टिंग में रुचि रखती थीं और बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर इनामुल को फॉलो किया।
इसके बाद जब इनामुल अपने वीडियो “कारवां” की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने राधिका का प्रोफाइल डायरेक्टर को भेजा। शुरुआत में उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया, लेकिन फिर कुछ बदलावों के चलते राधिका को वीडियो में ले लिया गया।
“नोएडा में शूट हुआ, जिसमें वह अपनी मां के साथ आई थीं। शूटिंग के बाद फिर कभी संपर्क नहीं हुआ,” इनामुल ने बताया।
“मैं कोई कट्टरपंथी नहीं”
मीडिया से बातचीत में इनामुल ने स्पष्ट कहा:
“मैं कोई कट्टरपंथी मुस्लिम नहीं हूं। मेरा न राधिका से दोस्ताना था और न ही कोई व्यक्तिगत संबंध। सिर्फ मेरा नाम मुस्लिम है, इस वजह से मुझे निशाना बनाना गलत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुलिस उनसे पूछताछ करती है, तो वह पूरा सहयोग करेंगे।
मीडिया में छवि और करियर
इनामुल लंबे समय से मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं। उन्होंने कई टीवी शोज़ जैसे क्राइम पेट्रोल और द ग्रेट अशोक में काम किया है। यूट्यूब पर भी उनके कुछ प्रोजेक्ट्स हैं। तीन माह पूर्व वे दुबई शिफ्ट हो चुके हैं, जहां अब नए बिजनेस और प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।
उनके माता-पिता अभी अलीगढ़ के फ्रैंड्स कॉलोनी क्षेत्र में रहते हैं।