धमकियों और दमन से डरे नहींं, डटकर खड़े रहे, प्रियंंका गांधी ने अखिलेश यादव को ऐसे दी बधाई

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबधन की शानदार जीत के लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की जमकर तारीफ की है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भीषण परिस्थितियों में सबने मिलकर एक ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी।उत्तर प्रदेश में सपा ने लोकसभा की 37 सीटें जीती हैं और कांग्रेस को छह सीट हासिल हुई हैं। सपा प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनने के साथ ही देश में भाजपा कांग्रेस के बाद सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। सपा-कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए यूपी में भाजपा को 63 से 33 पर समेट कर रख दिया है। मोदी-योगी सरकार के कई मंत्री तक यूपी में अपने चुनाव हार गए हैं।

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया करते हुए लिखा कि अखिलेश यादव जी, डिंपल यादव जी, रामगोपाल यादव जी, आप लोगों को और समाजवादी पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश के नतीजों के लिए मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। भीषण परिस्थितियों में हम सबने मिलकर एक ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। जमीन पर कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने हिम्मत से जनता के मुद्दों, सामाजिक न्याय और संविधान की आवाज उठाई। तमाम धमकियों व दमन के बावजूद वे एकजुट होकर लोकतंत्र के प्रहरी बने और बूथ-बूथ पर खड़े रहे। उन्होंने कहा कि आप सबकी कड़ी मेहनत के चलते हमारी एकजुटता व मुद्दों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में जनता ने भरोसा दिखाया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि आप सभी को दिल से धन्यवाद। जय जनता। जय संविधान।

यूपी में सपा और कांग्रेस गठबंधन ने एक साथ चुनाव लड़ते हुए ममता की टीएमसी को भी एक सीट दी थी। अखिलेश की सपा ने 80 में से 62 सीटों पर चुनाव लड़ा और 37 सीटें जीती। कांग्रेस ने 17 सीटों पर लड़कर छह सीटों पर जीत हासिल की है। 2009 के बाद कांग्रेस को पहली बार यूपी में इतनी बड़ी सफलता हाथ लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *