प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर लगातार मीम्स और मजाक देखने को मिले थे। अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति की मिमिक्री किए जाने के बाद एक बार फिर ‘Melodi’ से जुड़े मीम्स सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इसी को लेकर पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया देते हुए नाराजगी जाहिर की है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने करीब दो साल पहले किए गए अपने एक पोस्ट को दोबारा शेयर करते हुए मौजूदा विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह के मीम्स और मजाक का पहले बचाव किया जाता था, अब वही चीज दूसरी तरफ से होने पर उसका विरोध किया जा रहा है।
‘महिलाएं रुकने वाली नहीं हैं’
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने पुराने पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा- ”दो साल पहले मैंने यही मुद्दा उठाया था, तब BJP के ट्रोल ‘मेलोडी’ (Melodi) वाले मीम्स और मजाक का बचाव कर रहे थे. अब उन्हें अचानक एहसास हुआ है कि वे जो कर रहे थे, वही काम अब दूसरी तरफ के लोग भी कर रहे हैं और उसका बचाव कर रहे हैं।
जैसा कि मैंने कहा, भारत में सभी पक्ष महिलाओं के नेतृत्व की बात तो करते हैं, लेकिन असल में उसे मानते नहीं हैं. मैं दोनों पक्षों से कहती हूं – समझदार बनिए और इसे स्वीकार करना सीखिए. आपकी छींटाकशी, ताने, मजाक या हंसी-ठिठोली के बावजूद महिलाएं रुकने वाली नहीं हैं. वे सबसे ऊंचे मुकाम तक पहुंचकर ही रहेंगी।”
प्रियंका ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि राजनीतिक विचारधाराओं से अलग दोनों पक्षों को महिलाओं के नेतृत्व को वास्तविक रूप से स्वीकार करना चाहिए। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर होने वाली छींटाकशी, ताने और मजाक महिलाओं को आगे बढ़ने से रोक नहीं सकते।
2 साल पहले भी ‘Melodi’ मीम्स पर जताई थी आपत्ति
प्रियंका चतुर्वेदी ने करीब दो साल पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी को लेकर बनाए जा रहे मीम्स पर आपत्ति जताई थी। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था- ”PM जॉर्जिया मेलोनी और PM मोदी के मीम्स हद से ज़्यादा बढ़ गए हैं. ये बहुत ही अजीब और शर्मनाक हैं और भारत में मौजूद ह्यूमर के स्तर को भी खराब तरीके से दिखाते हैं. बस कह रही हूं।”
इसके बाद अब पुराने पोस्ट को दोबारा साझा करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने मौजूदा ‘Melodi’ मीम विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी से जुड़े मीम्स को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है।