टुकड़ों में घर लाई थी मैं उनको, पिता राजीव गांधी का जिक्र कर मोदी पर बरसीं प्रियंका

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कई प्रधानमंत्री देखे लेकिन वे लोगों के सामने झूठ नहीं बोलते थे। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शीर्ष नेतृत्व भले ही अभी इस बात से इनकार करने का दिखावा कर रहा हो, लेकिन अगर पार्टी सत्ता में वापस आई तो वह संविधान बदल देगी और लोगों को उनके अधिकारों से वंचित कर देगी।इस दौरान उन्होंने अपने पिता व दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का भी जिक्र किया।

शनिवार को पीएम मोदी के गृह राज्य गुजरात के वलसाड के धरमपुर गांव में एक रैली को संबोधित करते हुए, प्रियंका गांधी ने कहा कि वे अपने पिता को टुकड़ों में लाईं थीं। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “मैंने कई प्रधानमंत्री देखे हैं। मैं ये नहीं कह रही हूं कि वे सिर्फ मेरे परिवार के सदस्य थे। हां, इंदिरा जी थीं, मर गईं देश के लिए। शहीद हो गईं देश के लिए। हां राजीव जी थे, टुकड़ों में घर लाई मैं उनको। शहीद हो गए इस देश के लिए। मनमोहन सिंह जी भी थे जो क्रांति लाए इस देश में… कांग्रेस पार्टी को न देखें तो (अटल बिहारी) वाजपेयी जी भी थे जो सभ्य इंसान थे कम से कम। मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि ये देश का पहला प्रधानमंत्री होगा जो आपके सामने इस तरह से झूठ बोलता है।”

21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की एक चुनावी रैली के दौरान हत्या कर दी गई थी। आत्मघाती हमलावर ने खुद को भीड़ में उड़ा लिया था। इस हमले में 14 अन्य लोग भी मारे गए थे। लिट्ठन उग्रवादी संगठन लिट्ठन टाइगर्स ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। उनका दावा था कि राजीव गांधी ने 1987 में श्रीलंका में तमिल विद्रोहियों के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा किए गए सैन्य अभियान का समर्थन किया था।

प्रियंका ने आदिवासी बहुल वलसाड जिले के धरमपुर गांव में एसटी (अनुसूचित जनजाति)-सुरक्षित वलसाड लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अनंत पटेल के समर्थन में आयोजित एक रैली में कहा, ‘‘भाजपा नेता और उम्मीदवार कह रहे हैं कि वे संविधान बदल देंगे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे इनकार कर रहे हैं। यह उनकी रणनीति है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘शुरुआत में वे उससे हमेशा इनकार करेंगे जो वे करना चाहते हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद वे इसे लागू करेंगे। वे आम लोगों को कमजोर करने और उन्हें हमारे संविधान में दिए गए अधिकारों से वंचित करने के लिए संविधान को बदलना चाहते हैं।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चुनाव के दौरान ‘‘सुपरमैन’’ की तरह मंच पर आते हैं लेकिन आपको उन्हें ‘‘महंगाई मैन’’ के रूप में याद रखना चाहिए। प्रियंका ने कहा, ‘‘भाजपा नेता प्रधानमंत्री को शक्तिशाली नेता के रूप में पेश करते हैं और (रूस-यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में) कहते हैं कि वह ‘चुटकी बजाकर लड़ाई रुकवा देते हैं’ तो फिर वह गरीबी को भी ऐसे ही क्यों नहीं दूर कर पा रहे।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह शहरी इलाकों में 100 दिन के काम की गारंटी के लिए मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) जैसी रोजगार गारंटी योजना लाएगी। गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीट पर सात मई को आम चुनाव के तीसरे चरण में मतदान होगा। भाजपा ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में राज्य की सभी सीट पर जीत हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *