PK का बड़ा हमला: “मंदिर बनवा दिया, जातीय गणना करा दी, लेकिन आपके बच्चे बेरोजगार” – बिहार की जनता से की अपील

जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने रविवार को समस्तीपुर के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के बिथान में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के परिवार पर सीधा हमला बोला।

“अब तक बच्चों के लिए वोट नहीं दिया”

प्रशांत किशोर ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार के लोगों ने पीएम मोदी को मंदिर के लिए वोट दिया, वो बन गया। जाति के नाम पर वोट दिया तो नीतीश कुमार ने जाति गणना करा दी। लेकिन आपने अभी तक अपने बच्चों के लिए वोट नहीं दिया। इसी कारण आज आपके बच्चे इंटर, ग्रेजुएशन करने के बाद बेरोजगार बैठे हैं या गुजरात-महाराष्ट्र जाकर 10-12 हजार रुपये की मजदूरी कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “लोग कह रहे हैं कि 56 इंच सीना के लिए मोदी को वोट दिया, लेकिन उनके अपने बच्चों का सीना 15 इंच का हो गया है। उनके पास न ढंग का कपड़ा है, न पैरों में चप्पल। नेताओं को आपके बच्चों की चिंता नहीं है, इसलिए आपको खुद उनकी चिंता करनी होगी।”

लालू यादव के परिवार पर तंज

प्रशांत किशोर ने लालू यादव का उदाहरण देते हुए कहा, “लालू जी का बेटा 9वीं पास भी नहीं है, फिर भी वो चाहते हैं कि उनका बेटा राजा बने। वहीं दूसरी तरफ बिहार के लोगों के बच्चे मैट्रिक, बी.ए., एम.ए. पास करने के बाद भी बेरोजगार हैं।”

PK के बड़े वादे: रोजगार, पेंशन और मुफ्त शिक्षा

जनसभा में प्रशांत किशोर ने जनता से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर नवंबर 2025 में जन सुराज की सरकार बनी तो छठ के बाद –

  • युवाओं को बिहार में ही 10-12 हजार रुपये मासिक रोजगार मिलेगा।
  • 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।
  • जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होता, तब तक 15 साल तक के बच्चों की निजी स्कूलों की फीस सरकार भरेगी, ताकि गरीब परिवार का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ सके।

“अगली बार बच्चों के लिए वोट करें” – PK

प्रशांत किशोर ने जनता से अपील की, “जिन नेताओं ने आपको और आपके बच्चों को लूटा है, उन्हें वोट न दें। अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट करें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *