पीएम मोदी का पूर्णिया दौरा: एयरपोर्ट उद्घाटन और जनसभा, सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे 30 अधिकारी

पूर्णिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार के पूर्णिया पहुंचेंगे, जहां वे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और जीरो माइल शीशाबाड़ी एसएसबी ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए 30 प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है। ये अधिकारी 14 और 15 सितंबर को पूर्णिया में डटे रहेंगे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही अपने-अपने जिले लौटेंगे।

कई जिलों से आएंगे अधिकारी

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भागलपुर, खगड़िया, अररिया, कटिहार, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों से एडीएम से लेकर डीसीएलआर स्तर तक के अधिकारियों को पूर्णिया समाहरणालय में तैनात किया जाएगा।

वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, बल्कि वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाएंगे। इसके अलावा बिहार को हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का पैकेज भी सौंपा जाएगा।

सीएम नीतीश और एनडीए के दिग्गज होंगे शामिल

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें हो रही हैं। शुक्रवार को पूर्णिया के कला भवन प्रांगण में एनडीए कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक हुई, जिसमें कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल समेत अन्य नेता शामिल हुए।

आयुक्त ने किया स्थलों का निरीक्षण

प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने गुरुवार को पूर्णिया एयरपोर्ट और जनसभा स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां आपसी समन्वय से समय पर पूरी होनी चाहिए, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *