टोक्यो से बोले पीएम मोदी: “भारत की विकास यात्रा में जापान हमेशा रहा अहम पार्टनर”

टोक्यो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (29 अगस्त) को जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित भारत-जापान इकोनॉमिक फोरम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा में जापान ने हमेशा एक अहम साझेदार की भूमिका निभाई है। पीएम मोदी ने बताया कि मेट्रो, मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर से लेकर स्टार्टअप्स तक, दोनों देशों की साझेदारी आपसी विश्वास पर आधारित है।

“जापान-भारत की साझेदारी हर क्षेत्र में मजबूत”

पीएम मोदी ने कहा, “आज सुबह मैं टोक्यो पहुंचा हूं और मुझे खुशी है कि मेरी यात्रा की शुरुआत बिजनेस जगत के दिग्गजों के साथ हो रही है। आप में से बहुत से लोगों से मेरा पुराना परिचय है, जब मैं गुजरात में था तब भी और दिल्ली आने के बाद भी।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत की विकास यात्रा में जापान हमेशा एक अहम पार्टनर रहा है। मेट्रो से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक, सेमीकंडक्टर से स्टार्टअप्स तक, हमारी साझेदारी आपसी विश्वास का प्रतीक है।”

जापानी कंपनियों ने भारत में किया बड़ा निवेश

पीएम मोदी ने बताया कि जापानी कंपनियों ने भारत में 40 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है, जिसमें से केवल पिछले 2 वर्षों में ही 30 बिलियन डॉलर का प्राइवेट इन्वेस्टमेंट हुआ है। उन्होंने कहा, “पिछले 11 वर्षों में भारत में अभूतपूर्व बदलाव आया है। आज भारत में राजनीतिक स्थिरता है, आर्थिक स्थिरता है और नीतियों में पारदर्शिता है।”

मेक इन इंडिया पर जोर

पीएम मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ पर जोर देते हुए कहा, “ऑटो सेक्टर में हमारी साझेदारी सफल रही है। अब हम साथ मिलकर बैटरी, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, शिप-बिल्डिंग और न्यूक्लियर जैसे क्षेत्रों में भी वही सफलता दोहरा सकते हैं। इसके साथ ही हम ग्लोबल साउथ, खासकर अफ्रीका के विकास में अहम योगदान दे सकते हैं।”

क्यों खास है पीएम मोदी का जापान दौरा?

अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ लागू किए जाने के बाद मोदी का यह दौरा आर्थिक और रणनीतिक दोनों ही लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अनुमान है कि इस दौरान AI, सेमीकंडक्टर, नई तकनीक और बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ अहम चर्चा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *