Diwali 2026: जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे PM मोदी, अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य तैयारियां पूरी

देशभर में दीपावली का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी वह देश के वीर जवानों के बीच जाकर दिवाली मनाएंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के अयोध्या में ऐतिहासिक दीपोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन भी अयोध्या पहुंचेंगे। दीपोत्सव से पहले शहर में 21 आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान राम के जीवन प्रसंगों के साथ सरकार की कई योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

PM मोदी ने वीडियो संदेश में दी दिवाली की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ देश के संकल्प को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, ‘नमस्ते. दिपावली का पावन पर्व, पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है. प्रकाश का ये पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है. आप सबको दिपावली की दिपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.’

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘आपकी तरह मैं भी उत्साह से दिवाली मनाता हूं. आप जानते हैं देश के वीर जवानों के बीच जाना मेरा नित्य कर्म है, इस बार भी जारी रहेगा. आप सभी को दिपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.’

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस साल भी वह देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के साथ दीपावली मनाने की अपनी परंपरा जारी रखेंगे।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मिले पीएम मोदी

दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले धनतेरस के मौके पर भी प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बधाई दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, ‘सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं. भगवान धन्वंतरि की कृपा से हर किसी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से परिपूर्ण रहे. हर घर में खुशियों का दीपक जलता रहे, यही मेरी कामना है.’

पीएम मोदी ने आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि को नमन करते हुए सभी देशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य और निरोगी जीवन की कामना की थी।

अयोध्या में ऐतिहासिक दीपोत्सव की तैयारियां पूरी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक दीपोत्सव की तैयारियां पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का अयोध्या आगमन पर विशेष स्वागत किया।

सीएम योगी ने कहा कि उपराष्ट्रपति की मौजूदगी इस पावन आयोजन को और अधिक ऐतिहासिक एवं यादगार बनाएगी। अयोध्या में दीपोत्सव को भव्य रूप देने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

21 झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

दीपोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत के तहत उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को अयोध्या में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद यह शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस साल शोभायात्रा में कुल 21 झांकियां शामिल की गईं। इन झांकियों के माध्यम से रामचरितमानस के अलग-अलग प्रसंगों को दर्शाया गया। साथ ही केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया।

सरकारी योजनाओं की झांकियों में दिखी विकास की तस्वीर

शोभायात्रा में शामिल झांकियों के जरिए कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और पहलों को प्रदर्शित किया गया। इनमें जल जीवन मिशन, एक जिला एक उत्पाद योजना, कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान भारत और मिशन शक्ति प्रमुख रहे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसी योजनाओं को भी झांकियों में जगह दी गई। इस तरह दीपोत्सव की शोभायात्रा में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक भी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *