ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर पीएम मोदी ने सेना को दी बधाई, बोले- “आत्मनिर्भरता और नवाचार पर देना होगा जोर”

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (15 सितंबर, 2025) को कोलकाता स्थित भारतीय सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय, फोर्ट विलियम में आयोजित 16वें कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस (CCC) को संबोधित किया। तीन दिवसीय यह सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक चलेगा, जिसमें देश के शीर्ष सैन्य और असैन्य नेतृत्व शामिल हुआ है।

सशस्त्र बलों की भूमिका की सराहना

पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सशस्त्र बलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेना ने न सिर्फ राष्ट्र निर्माण में बल्कि समुद्री डकैती विरोधी अभियानों, संघर्ष क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी और मित्र देशों को मानवीय सहायता व आपदा राहत (HADR) पहुंचाने में भी अहम योगदान दिया है।

“अधिक संयुक्तता और आत्मनिर्भरता जरूरी”

प्रधानमंत्री ने रक्षा मंत्रालय को निर्देश देते हुए कहा— “भविष्य की चुनौतियों और अप्रत्याशित परिस्थितियों से निपटने के लिए अधिक संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार को तेजी से अपनाना होगा।” उन्होंने साल 2025 को रक्षा क्षेत्र में ‘सुधारों का वर्ष’ बनाने पर बल दिया।

थिएटर कमांड विवाद के बीच पीएम का संदेश

पिछले कुछ समय से तीनों सेनाओं के बीच साझा थिएटर कमांड को लेकर मतभेद सामने आए हैं। थलसेना और नौसेना जहां इसके पक्ष में हैं, वहीं वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने मौजूदा व्यवस्था को ही उचित बताया है। ऐसे में पीएम मोदी का संयुक्तता (Jointness) पर जोर देना काफी अहम माना जा रहा है।

भविष्य की योजनाओं की समीक्षा

सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री को सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद उभरी नई परिस्थितियों, संचालन संबंधी तैयारियों और युद्ध के बदलते स्वरूप पर जानकारी दी। पीएम ने पिछले दो वर्षों में किए गए सुधारों की समीक्षा की और आने वाले दो वर्षों की योजनाओं पर भी चर्चा की।

पीएमओ का आधिकारिक बयान

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सम्मेलन में अगले दो दिनों तक संरचनात्मक, प्रशासनिक और संचालन से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा होगी। बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए सशस्त्र बलों की तैयारी और प्रधानमंत्री के विज़न को लागू करने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *