पाकिस्तान की कानून-व्यवस्था भारत से अच्छी, मोदी सरकार पर वार में Gallup बनी JDU का हथियार

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने बीजेपी और नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि केंद्र सरकार कानून व्यवस्था के मामले में भारत को पड़ोसी पाकिस्तान से भी अच्छा नहीं बना सकी।

नीरज ने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विपक्ष के हमले के जवाब में ऑपिनियन पोल और मार्केट रिसर्च क्षेत्र में दुनिया की बड़ी कंपनी गैलप के लॉ एण्ड ऑर्डर इंडेक्स रिपोर्ट को हथियार बनाया है। बीजेपी ने जवाबी हमले में कहा है कि यह आरजेडी को खुश रखने के लिए तुष्टीकरण की कोशिश का नमूना है।

बिहार में दारोगा, पत्रकार, शिक्षक, ठेकेदार और व्यापारी की हत्याओं को लेकर महागठबंधन सरकार पर बीजेपी के हमले के जवाब में कहा- “जो मैं कह रहा हूं वो मेरी खोज नहीं है। ये कानून-व्यवस्था पर गैलप की 2022 की रिपोर्ट में कहा गया है। भारत को 80 नंबर मिला है जो पाकिस्तान और श्रीलंका से नीचे हैं। ये लोग भारत को पाकिस्तान से भी अच्छा नहीं बना सके जो धार्मिंक कट्टरता के लिए जाना जाता है।”

नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था हमेशा सरकार की प्राथमिकता रही है चाहे सरकार एनडीए की रही हो या महागठबंधन की। उन्होंने कहा कि देश बिहार की कानून-व्यवस्था के बारे में जानता है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट बीजेपी नेताओं को पढ़नी चाहिए। बिहार में ना सिर्फ अपराध पर नियंत्रण लगाया जाता है बल्कि किसी भी घटना के बाद त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ राजनीतिक कारण से कानून-व्यवस्था का सवाल उठाती है जबकि उन्हें बीजेपी शासित राज्यों और खास तौर पर मणिपुर की बात करनी चाहिए।

गैलप लॉ एण्ड ऑर्डर इंडेक्स 2022 रिपोर्ट में पूर्वी एशिया को सबसे सुरक्षित क्षेत्र बताया गया है। दक्षिण पूर्व एशिया दूसरे नंबर पर है। रिपोर्ट में भारत मामूली अंतर से पाकिस्तान से नीचे है लेकिन इंग्लैंड और बांग्लादेश से ऊपर है। तालिबानी कब्जे वाला अफगानिस्तान लगातार तीसरी बार दुनिया का सबसे असुरक्षित देश माना गया है। गैलप के सर्वे में 120 देशों के 1.27 लाख लोगों से चार तरह के सवाल पूछे गए जिसके आधार पर यह पता लगाया जा सके कि लोगों में सुरक्षा की भावना कैसी है और अपराध या पुलिस के साथ उनका निजी अनुभव कैसा है।

बीजेपी ने पिछले हफ्ते बिहार भर में आपराधिक वारदातों के बाद नीतीश सरकार पर हमला तेज कर दिया है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, अश्विनी चौबे, प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और दूसरे नेताओं ने सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। बीजेपी प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा है कि बिहार में बढ़ रहे अपराध, बेलगाम शराब और खनन माफिया, धर्मांतरण वगैरह पर नीतीश ने आंखें मूंद ली हैं और राजद के इशारे पर तुष्टीकरण की नीति पर चल रहे हैं।

बिहार को पाकिस्तान बनाना चाहते हैं नीतीश कुमार- निखिल आनंद

निखिल ने कहा कि नीतीश ने हरेक स्कूल में उर्दू टीचर और हरेक थाने में उर्दू अनुवादक की बहाली शुरू की है। अपनी कुर्सी की खातिर वो आरजेडी को खुश रखने के लिए बिहार को पाकिस्तान बनाना चाहते हैं। निखिल आनंद ने कहा कि बीजेपी ऐसा होने नहीं देगी। निखिल आनंद ने कहा कि नीतीश कुमार राज्य के गृहमंत्री भी हैं इसलिए उनको कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर जवाब देना होगा। जेडीयू प्रवक्ता के बेतुके तुलना के पीछे वो छुप नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चाई यही है कि बिहार में सरकारी संरक्षण के कारण क्राइम बढ़ा है।

भारत विरोधी है पाकिस्तान से तुलना वाला बयान- तारकिशोर प्रसाद

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने नीरज कुमार ने बयान पर कहा- “महागठबंधन सरकार में बिहार अपराधियों की गिरफ्त में है। रोज हत्याएं हो रही हैं। बैंक लूटे जा रहे हैं। अपराधी पुलिस पदाधिकारियों की हत्या कर दे रहे हैं। पत्रकारों को भी नहीं बख्शा जा रहा है। बिहार में अपराध पर कैसे अंकुश लगे, इसकी चिंता छोड़कर पाकिस्तान की तुलना भारत से की जा रही है। यह भारत विरोधी बयान है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *