यूपी का सियासी माहौल बदलना चाहती है बीजेपी, जेपी नड्डा ने कोर ग्रुप संग बंद कमरे में किया मंथन

भारतीय जनता पार्टी यूपी में सियासी परिदृश्य बदलना चाहती है। वो परिदृश्य जिसने केंद्र में तीसरी बार सत्तासीन होने के बाद भी पार्टी को बचाव की मुद्रा में ला दिया है। पार्टी जल्दी चीजों को ठीक करना चाहती है क्योंकि सूबे में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी निकट है।इन सब स्थितियों के बीच यूपी के सियासी हालात पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंद कमरे में पार्टी के कोर ग्रुप के साथ मंथन किया।भाजपा में एक ओर खुले मंच से कार्यकर्ताओं को साधने की कवायद चली तो दूसरी ओर नेपथ्य में सियासी हालात को लेकर पार्टी नेतृत्व की चिंता भी दिखी।राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के डा. भीमराव अंबेडकर प्रेक्षागृह में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कोर कमेटी के साथ बैठक की। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के हालिया दौरे की रिपोर्ट सौंपने के बाद कोर कमेटी के साथ नड्डा की इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें उपचुनावों को लेकर चर्चा होने की खबर है। मगर उससे पहले सामाजिक समीकरण दुरुस्त करने होंगे।पार्टी अब डिफेंसिव होने के बजाय आक्रामक ढंग से आगे बढ़ेगी। कार्यकर्ताओं पर फोकस बढ़ेगा। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *