
देश में जहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की धूम है वहीं एक यात्री ने इस पर गंभीर आरोप लगाया है। नई दिल्ली से वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री ने शिकायत की कि यात्रा के दौरान उसे और बाकी यात्रियों को बासी खाना परोसा गया इतना ही नहीं खाने में से बदबू भी आ रही थी।उसने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है जो अब वायरल हो रही है, उसमें आकाश केशरी ने अपनी शिकायत करने के लिए वीडियो भी शेयर किया है, जिसके तुरंत बाद भारतीय रेलवे की ओर से प्रतिक्रिया आई। आकाश ने अपने पोस्ट में कहा, “नमस्कार सर, मैं 22416 से एनडीएलएस से बीएसबी तक यात्रा कर रहा हूं. अब जो खाना परोसा गया, उसमें बदबू आ रही है और खाने की गुणवत्ता बहुत गंदी है. कृपया मेरे सारे पैसे वापस कर दें. ये विक्रेता वंदे भारत एक्सप्रेस का ब्रांड नाम खराब कर रहे हैं.”वीडियो वायरल होते ही यात्रियों की सहायता के लिए आधिकारिक अकाउंट रेलवे सेवा (Railway Seva) ने एक्स पर पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की. आईआरसीटीसी (IRCTC) ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, सर, आपके असंतोषजनक अनुभव के लिए हम ईमानदारी से माफी मांगते हैं. मामले को गंभीरता से लिया गया है. सेवा प्रदाता पर उचित जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा जिम्मेदार सेवा प्रदाता कर्मचारियों को हटा दिया गया है और लाइसेंसधारी को उचित निर्देश दिया गया है। ऑन-बोर्ड सेवाओं की निगरानी को और मजबूत किया गया है।