मायावती ने किया बड़ा ऐलान, आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ की BSP में वापसी

UP News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पूर्व राज्यसभा सांसद और अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी में वापस लेने का ऐलान किया है। मायावती ने यह फैसला सिद्धार्थ के सार्वजनिक माफी मांगने के बाद लिया।

मायावती ने किया माफ, पार्टी में वापसी का रास्ता साफ

मायावती ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर लिखा,
“बहुजन समाज पार्टी (BSP) के कई जिम्मेदार पदों पर लम्बे वर्षों तक कार्यरत रहे एवं पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ, जिन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिये कुछ माह पहले पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, उन्होंने आज सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर सार्वजनिक तौर पर अपनी गलती की माफी माँगी है और आगे पूरी वफादारी के साथ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के मूवमेन्ट को आगे बढ़ाने का वचन दिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि सिद्धार्थ को अपनी गलती का एहसास पहले ही हो चुका था और वे लगातार पश्चाताप कर रहे थे। अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बाद उन्हें पार्टी और आंदोलन के हित में दोबारा शामिल किया जा रहा है।

मायावती का संदेश कार्यकर्ताओं को

बीएसपी सुप्रीमो ने लिखा,
“उम्मीद है कि पार्टी के अन्य सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं की तरह वे भी पूरे तन, मन, धन से पार्टी व मूवमेंट को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे, ताकि बीएसपी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का कारवां आगे बढ़ता रहे और बहुजन समाज को शोषित वर्ग से उठाकर शासक वर्ग बनाया जा सके।”

क्यों हुई थी निष्कासन की कार्रवाई?

गौरतलब है कि 12 फरवरी 2025 को अशोक सिद्धार्थ को पार्टी विरोधी गतिविधियों और गुटबाजी के आरोप में BSP से निष्कासित किया गया था। इसके बाद उन्होंने शनिवार (6 सितंबर) को सोशल मीडिया पर मायावती से माफी मांगते हुए लिखा,
“मैं हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूँ कि वे मुझे माफ कर दें। आगे मैं कभी गलती नहीं करूँगा और पार्टी के अनुशासन में रहकर ही कार्य करूँगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *