‘वोट चोरी’ पर अरविंद केजरीवाल का बड़ा हमला, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

Arvind Kejriwal on Vote Chori: देशभर में ‘वोट चोरी’ को लेकर छिड़ी राजनीतिक बहस के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सही मुद्दा उठा रहे हैं और बीजेपी को अब यह समझ आ गया है कि वह चुनाव जीत नहीं सकती, इसलिए वह “वोट चोरी” का सहारा ले रही है।

राजकोट दौरे पर केजरीवाल का बयान

गुजरात के राजकोट दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा,
“वोट चोरी बहुत ही गलत है। सभी पार्टियों की ओर से सही मुद्दा उठाया जा रहा है। जिस तरह से बीजेपी को अब लगने लगा है कि वो जीत नहीं सकती है तो वो वोट चोरी करके जीतने की कोशिश कर रही है।”

बीजेपी और चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप

हाल ही में AAP ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप लगाए थे। पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा था कि कांग्रेस की चुप्पी ही बीजेपी और चुनाव आयोग की “वोट चोरी” को बढ़ावा दे रही है।

कांग्रेस की भूमिका पर सवाल

प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया था कि जब AAP ने दिल्ली में मतदाता सूची से नाम काटने, गुजरात में प्रत्याशी को हाउस अरेस्ट करने और चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोटों से छेड़छाड़ जैसे मामलों को उजागर किया, तब कांग्रेस चुप रही। उन्होंने कहा,
“कांग्रेस महाराष्ट्र और कर्नाटक की बात करती है, लेकिन दिल्ली की ‘वोट चोरी’ पर कुछ नहीं कहती। यही उसका दोहरापन है।”

‘लोकतंत्र खतरे में’ पर AAP का तंज

AAP का कहना है कि जब दिल्ली में ‘वोट चोरी’ हो रही थी, तब कांग्रेस नेताओं का बयान था कि लोगों को फर्क नहीं पड़ता कि उनका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं। उस वक्त कांग्रेस को लोकतंत्र खतरे में नहीं दिखा, लेकिन आज वह इसे मुद्दा बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *