मायावती के निर्देश पर आकाश आनंद ने शुरू किया बिहार चुनाव प्रचार, बीजेपी-कांग्रेस पर साधा निशाना

UP News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने शुक्रवार (12 सितंबर) को रोहतास जिले से चुनावी प्रचार की शुरुआत की। उन्होंने सर्वजन हिताय जागरूक यात्रा के मंच से दलित और पिछड़े वर्गों के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने पर जोर दिया और बीजेपी-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

आकाश आनंद ने की जनता से अपील

बसपा चीफ मायावती के आदेश पर चुनावी मैदान में उतरे आकाश आनंद ने कहा, “अब आप लोगों को ही अपने हित व कल्याण में यहां बिहार प्रदेश में जल्द ही होने वाले विधानसभा आम चुनाव में अपनी पार्टी बीएसपी को ही जरूर कामयाब बनाना है। अर्थात अब आपको यहां कांग्रेस, बीजेपी व इनकी सभी सहयोगी पार्टियों को सत्ता से अन्य सत्ता में आने से जरूर रोकना होगा।”

बीजेपी-कांग्रेस की नीतियों पर साधा निशाना

आकाश आनंद ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस जैसी पार्टियों की संकीर्ण व पूंजीवादी सोच के कारण समाज का गरीब, दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग आज भी अपने अधिकारों से वंचित है। उन्होंने कहा कि मजदूर, किसान, व्यापारी और मेहनतकश लोगों की खुशहाल जिंदगी बनाना इन दलों की नीतियों से असंभव हो गया है।

बसपा प्रत्याशी का हुआ ऐलान

रोहतास जिले की सभा में आकाश आनंद ने करगहर विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में उदय प्रताप सिंह पटेल के नाम की घोषणा की। इस मौके पर राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *